Lucknow Overbridge And Underpass: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में रेलवे लाइन के रास्ते से गुजरने वाले वाहन चालकों के लिए राहत भरी खबर है। लखनऊ के सात रेलवे क्रॉसिंग पर ओवरब्रिज और अंडरपास बनाने का रास्ता क्लीयर हो गया है। उत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल के प्रस्ताव को रेलवे बोर्ड ने हरी झंडी दे दी है। इन क्रॉसिंग पर रेलवे अपने हिस्से के निर्माण में करीब 400 करोड़ रुपये खर्च करेगा। रेलवे जनवरी से निर्माण शुरू कर देगा। इससे क्रॉसिंग के आसपास की 15 लाख आबादी को जाम से राहत मिलनी तय है। उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल प्रशासन की ओर से सभी रेलवे क्रॉसिंग पर बनने वाले ओवरब्रिज और अंडरपास का ब्लूप्रिंट तैयार किया गया है। कुछ रेलवे क्रॉसिंग के लिए रिपोर्ट तैयार की जा रही है।
लखनऊ में क्रॉसिंग पर बनेंगे ओवरब्रिज और अंडरपास
रेलवे ने कई क्रॉसिंग निर्माण के लिए बजट आवंटित कर भी दिया है। सदर क्रॉसिंग पर अंडरपास की फिजिबिलिटी रिपोर्ट तैयार की जा रही है। सदर पुल के नीचे सड़क की चौड़ाई कम होने की वजह से वाहनों के आवाजाही के लिए एक अंडरपास बनाने की जगह आने-जाने के लिए दो अलग-अलग अंडरपास बनाने पर विचार हो रहा है।
