Lucknow E-Buses: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में ई-बसों से सफर करने वाले यात्रियों के लिए खुशखबरी है। अब लखनऊ के इंजीनियरिंग कॉलेज स्कूटर इंडिया से कानपुर रोड स्थित बनी गांव के लिए ई-बसों का संचालन शुरू हो गया है। इस रूट पर रोजाना आठ ई बसें दोनों ओर से 32 फेरे लगाएंगी। रोजाना सुबह साढ़े सात बजे से हर 40 मिनट पर यात्रियों को बसों की सुविधा मिलेगी। सरोजनीनगर के स्कूटर इंडिया के पास विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने आयोजित कार्यक्रम में सिटी बस सेवा का विस्तार किया और एक जोड़ी ई-बस को झंडी दिखाकर बनी के लिए रवाना कर दिया। वहीं, मंडलायुक्त डॉ. रोशन जैकब की अध्यक्षता में आठ ई-बसों को विस्तार करने की हरी झंडी दे दी गई।
इंजीनियरिंग कॉलेज से बनी गांव तक ई-बसों का संचालन
इन बसों के संचालन से जुनाबगंज, बंथरा, कटिबगिया और बनी गांव के लोगों को काफी राहत मिलेगी। एमडी आरके त्रिपाठी के अनुसार, रोजाना इंजीनियरिंग कॉलेज से सुबह साढ़े सात बजे ई-बसें रवाना होंगी। आम लोगों को बसों की सुविधा हर 40 मिनट पर प्राप्त होगी।
बनी से देना होगा इतना किराया
राजधानी में सिटी बसों से यात्रा करने पर एक यात्री से जुनाबगंज के छह रुपए चुकाने होंगे। इसके अलावा बंथरा के 12, स्कूटर इंडिया के 22, एयरपोर्ट मोड़ के 27, अवध चौराहे और आलमबाग बस टर्मिनल के 33 रुपये चुकाने होंगे। वहीं, चारबाग, जीपीओ और निशातगंज के 38 रुपये, इंजीनियरिंग कॉलेज तक 50 रुपये का किराया देना होगा। इस रूट पर सिटी बसों के संचालन से यात्रियों ने राहत की सांस ली है। साधारण बस के किराए पर यात्री इलेक्ट्रिक एसी बसों से सफर कर पाएंगे। लखनऊ में इलेक्ट्रिक एसी बसों का बेहतर लोड फैक्टर के साथ संचालन हो रहा है। इन बसों से ही यात्री यात्रा करना पसंद कर रहे हैं।
यूपी के 100 बस अड्डों पर वीडियो वॉल लगेगी
दूसरी ओर, रोडवेज बसों से यात्रा करने वाले लोगों के लिए राहत की खबर है। अब बस अड्डे पहुंचकर बसों की जानकारी करने के लिए यात्रियों को भटकना नहीं होगा। लखनऊ के चार मुख्य बस अड्डों समेत यूपी के 100 बस अड्डों पर वीडियो वॉल लगेगी। इनके लगने से यात्री बस अड्डे पर पहुंचते ही बसों के आने और जाने की सूचना एलईडी टीवी स्क्रीन पर देख पाएंगे। परिवहन निगम प्रधान प्रबंधक संचालन आशुतोष गौंड की ओर से ज्यादा फुटफाल वाले बस अड्डों की सूचना क्षेत्रीय प्रबंधकों से मांगी गई है।
