Lok Sabha Election 2024: लखनऊ में 20 मई को लोकसभा चुनाव के लिए वोटिंग होगी। लखनऊ में शांतिपूर्ण तरीके से चुनाव कराने के लिए तैयारियां की जा रही हैं। इसके तहत शहर में मतकेंद्रों के आसपास रहने वाले लोगों को सख्त निर्देश दिया गया है कि वे वोटिंग के दिन अपने आसपास भीड़ को एकत्रित न होने दें। साथ ही इन्हें बाहरी लोगों के आवागमन को प्रतिबंधित रखने को भी कहा गया है। पुलिस ने मतदान केंद्रों के आसपास रहने वाले और कुछ अराजक तत्वों समेत 1000 से अधिक लोगों को यह नोटिस दी है। इन लोगों को धारा 149 के तहत यह नोटिस दी गई है। नोटिस के माध्यम से इन लोगों से यह भी कहा गया है कि इनके घर के बाहर खड़े लोगों की वजह से अगर मतदान में कोई बाधा आती है, तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
लोकसभा चुनाव 2024 (फोटो साभार - istock)
माहौल खराब करने वालों की खैर नहीं
लोकसभा चुनाव 2024 के पांचवें चरण में यूपी की 14 सीटों के लिए मतदान होगा। पांचवें चरण में 20 मई को लखनऊ सीट पर भी वोटिंग होगी। इस दिन मतदान में किसी प्रकार की कोई रुकावट पैदा न हो, इसको लेकर तैयारियां की गई हैं। इसके तहत मतदान केंद्रों के पास रहने वाले अराजक तत्वों को भी नोटिस दी गई है। इसके माध्यम से उन्हें निर्देश दिया गया है कि चुनाव के दिन अगर उन्होंने माहौल खराब करने की कोशिश की तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा पुलिस ने उन लोगों को भी नोटिस दी है, जिन पर पुलिस को आशंका है कि वे मतदान के दौरान अशांति फैला सकते हैं।
अपराधियों का साथ देने वालों पर भी कार्रवाई
पुलिस ने इस नोटिस के माध्यम से इन लोगों को निर्देश दिया है कि अगर वोटिंग के समय मतदान केंद्र के आसपास कोई भी व्यक्ति किसी प्रकार का अपराध करता है, तो उसका साथ कोई न दे। वरना अपराध करने वाले के साथ ही उसका साथ देने वाले के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने पांच जोनों में से अब तक एक हजार से अधिक लोगों को यह नोटिस दी है।
शांतिपूर्ण चुनाव के लिए दी गई नोटिस
एडीसीपी चुनाव सेल जया शांडिल्य ने इस संबंध में बताया कि शांतिपूर्वक चुनाव कराने के लिए लोगों को यह नोटिस दी जा रही है। उन्होंने बताया कि अगर चुनाव के समय किसी ने माहौल बिगाड़ने का प्रयास किया तो उसके खिलाफ पुलिस कड़ी कार्रवाई करेगी।
