UP News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शासन द्वारा चलाई गई कल्याणकारी योजनाओं का लाभ सभी पात्र व्यक्ति को मिले इस संबंध में अधिकारियों को निर्देशित किया है। उनका कहना है कि जरूरतमंदों के इलाज से लेकर आवास तक की व्यवस्था के लिए सरकारी योजनाओं का बड़े पैमाने पर लाभ दिया जा रहा है। लेकिन, किन्हीं कारणों से यदि कोई व्यक्ति इन योजनाओं के दायरे में अभी नहीं आ पाया है तो उन्हें भी इन योजनाओं का लाभ दिलाने की प्रभारी कार्यवाही किए जाने के निर्देश दिए गए हैं।
यूपी सरकार (फोटो - टाइम्स नाउ नवभारत)
जनता दर्शन के दौरान सुनी लोगों की समस्याएं
सीएम योगी ने गोरखपुर के गोरखनाथ मंदिर में जनता दर्शन के दौरान लोगों की समस्याएं सुनते हुए गुरुवार को निर्देश दिए। मंदिर परिसर स्थित महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के सामने आयोजित जनता दर्शन में कुर्सियों पर बैठाए गए लोगों तक मुख्यमंत्री खुद पहुंचे और एक-एक करके सभी समस्याओं को सुनते हुए आश्वस्त किया हर समस्या का समयबद्ध, पारदर्शी व संतुष्टि पर निस्तारण किया जाएगा।
यूपी सरकार (फोटो - टाइम्स नाउ नवभारत)
सीएम ने सुनी 250 लोगों की समस्याएं
जनता दर्शन में मुख्यमंत्री ने करीब 250 लोगों की समस्याएं सुनीं। इसमें बड़ी संख्या में महिलाओं की समस्याएं थी, जिनका समाधान देने का आश्वासन दिया है। इस दौरान एक महिला ने उसके आवास निर्माण के दौरान कुछ लोगों द्वारा लिंटर डालने में बाधा उत्पन्न करने की समस्या बताई। इस पर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि महिला की मदद की जाए और यदि कोई विधि विरुद्ध बाधा डाल रहा हो तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाए।
इसी तरह जमीन कब्जा करने की शिकायतों पर मुख्यमंत्री ने कड़ी कानूनी कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने राजस्व व पुलिस से संबंधित मामलों में प्रभावी कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए हैं। सीएम ने कहा कि अधिकारी जन कल्याण के कार्यों को सदैव प्राथमिकता पर रखें और हर पीड़ित की समस्या का त्वरित निस्तारण करना सुनिश्चित करें।
गंभीर बीमारियों के इलाज में मिलेगी आर्थिक सहायता
गंभीर बीमारियों के इलाज में आर्थिक सहायता की गुहार लेकर पहुंचे लोगों को सीएम योगी ने भरोसा दिलाया कि पैसे के अभाव में किसी का इलाज नहीं रुकने पाएगा। सरकार ने एक वर्ष में गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए 1100 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता राहत कोष से उपलब्ध कराई है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिन लोगों को गंभीर बीमारियों के उपचार में आर्थिक तंगी का सामना करना पड़ रहा है, उनके इस्टीमेट की प्रक्रिया को प्राथमिकता पर पूर्ण कराकर शासन को उपलब्ध कराएं। शासन से इलाज में भरपूर आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। जनता दर्शन में कुछ महिलाओं के साथ आए नन्हे मुन्ने बच्चों को दुलारकर मुख्यमंत्री ने उन्हें चॉकलेट दिया और खूब पढ़ने के लिए प्रेरित किया।
