गोरखपुर में वोट डालने के बाद सीएम योगी बोले- तीसरी बार मोदी सरकार बननी तय

सीएम योगी आदित्यानाथ ने आज गोरखपुर में वोट डाला। जिसके बाद उन्होंने मीडिया से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने कहा कि देश की जनता ने मोदी जी और भाजपा को भरपूर समर्थन और आशीर्वाद दिया है। जिससे एक बार फिर प्रचंड बहुमत वाली मोदी सरकार बननी तय है।

Loksabha Election 2024: गोरखपुर में सीएम योगी आदित्यानाथ ने मतदान के बाद कहा कि प्रचंड बहुमत वाली मोदी सरकार एक बार फिर बननी तय है। उन्होंने कहा कि यूपी समेत देशभर की जनता ने भाजपा और मोदी जी को भरपूर समर्थन और आशीर्वाद दिया है। 4 जून को लोकसभा चुनाव के मतदान का फैसला आने पर भाजपा का फिर से सत्ता में आना और तीसरी बार सरकार बनाना तय है। सीएम योगी ने कहा कि नारी शक्ति का शत प्रतिशत आशीर्वाद मोदी जी के साथ है। उन्होंने युवाओं को लेकर कहा कि हार से पस्त होकर गुमराह करने वाले दलों के बहकावे में युवाओं को नहीं आना चाहिए। सीएम योगी ने युवा वोटर्स से कहा कि उन्हें अपने उज्जवल भविष्य के लिए मोदी जी की संकल्पना से जुड़ना चाहिए और बेहतरीन इंफ्रास्ट्रक्चर युक्त नए भारत, दुनिया में सम्मान प्राप्त कर रहे नए भारत को आगे बढ़ाने के अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेकर लोकतंत्र को मजबूत करना चाहिए।

UP CM Yogi Adityanath

यूपी के सीएम योगी आदित्यानाथ (फोटो साभार - ट्विटर)

बूथ के पहले वोटर बने सीएम योगी

लोकसभा चुनाव के अंतिम चरण में आज देश के 8 राज्यों की 57 सीटों पर मतदान हो रहा है। इस चरण में पूर्वी यूपी की 13 सीटों महाराजगंज, गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर, बांसगांव, सलेमपुर, बलिया, घोसी, रॉबर्ट्सगंज, गाजीपुर, वाराणसी, चंदौली और मिर्जापुर में भी वोट डाले जा रहे हैं। गोरखपुर में सीएम योगी आदित्यानथ ने सुबह सात बजे वोट डालकर बूथ के पहले वोटर बने। उन्होंने "पहले मतदान फिर जलपान" के मंत्र का अनुसरण करते हुए गोरखनाथ स्थित प्राथमिक विद्यालय कन्या इंग्लिश मीडियम के बूथ संख्या 249 पर मतदान किया। जिसके बाद उन्होंने मीडिया से बातचीत की और फिर गोरखनाथ मंदिर पहुंचकर जलपान किया।

End of Feed