Amroha Blast: उत्तर प्रदेश के अमरोहा में एक बार फिर ब्लास्ट होने की खबर सामने आई है। इस ब्लास्ट में 6 महिलाओं की मौत हो गई है और एक दर्जन करीब लोग घायल हो गए हैं। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक महिलाओं के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बताया जा रहा है कि ये ब्लास्ट एक पटाखा फैक्ट्री में हुआ था। इससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। इस घटना के बाद से गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया है।
अमरोहा में पटाखों की फैक्ट्री में हुआ ब्लास्ट
पटखा फैक्ट्री में हुआ ब्लास्ट
पुलिस ने बताया कि यह मामला रजबपुर थाना क्षेत्र के गांव अतरासी का है। जानकारी के अनुसार, सोमवार को पटाखा फैक्ट्री में महिला मजदूर काम कर रही थीं, तभी फैक्ट्री में अचानक जोरदार धमाका हुआ। सूचना मिलते ही घटनास्थल पर डीएम, एसपी समेत भारी पुलिस बल पहुंच गया। पटाखा फैक्ट्री में राहत और बचाव कार्य जारी है। इस विस्फोट ने देवबंद पटाखा फैक्ट्री में हुए विस्फोट की याद दिला दी। 26 अप्रैल को यूपी के सहारनपुर जिला स्थित देवबंद में एक पटाखा फैक्ट्री में भीषण विस्फोट हुआ था, जिसमें तीन मजदूरों की मौत हो गई थी।
यह हादसा निहालखेड़ी गांव के पास स्टेट हाईवे-59 पर स्थित एक अवैध फैक्ट्री में सुबह करीब 7 बजे हुआ था और घटना के समय फैक्ट्री में 9 कर्मचारी थे। विस्फोट इतना जोरदार था कि पूरी इमारत ध्वस्त हो गई और मजदूरों के शव के टुकड़े 200 मीटर दूर तक बिखर गए थे। 2 मई 2022 को भी सहारनपुर के सरसावा थाना क्षेत्र में ऐसा ही हुआ था। तब सौराना गांव में भी एक अवैध पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट हुआ था। इस हादसे में भी फैक्ट्री मालिक समेत तीन लोगों की मौत हो गई थी।
(इनपुट - भाषा)
