Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के मोहनलालगंज क्षेत्र में एक 16 वर्षीय किशोरी के साथ हुई हैवानियत के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। किशोरी को बहला-फुसलाकर अगवा करने और PGI क्षेत्र के एक होटल में ले जाकर तीन दिनों तक दुष्कर्म कराने के आरोप में पुलिस ने मुख्य आरोपी बुजुर्ग और दो महिलाओं समेत कुल 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पॉक्सो की धाराओं में 5 जेल भेजे गए
घर से लापता हुई थी किशोरी, परिजनों ने शुरू की तलाश
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मोहनलालगंज निवासी एक महिला ने 24 जुलाई को थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़िता की भाभी ने बताया कि उनकी 16 वर्षीय ननद 17 जुलाई को बिना बताए घर से अचानक चली गई थी। काफी खोजबीन के बाद परिजनों को जानकारी मिली कि दुर्गेश और उसकी पत्नी खुशबू किशोरी को अपने साथ ले गए हैं।
जब परिजन किसी तरह किशोरी तक पहुंचे, तो उसने आपबीती सुनाते हुए बताया कि 18 से 20 जुलाई के बीच राबिया और उसका पति विनोद उसे बाइक से PGI इलाके के एक होटल में ले गए थे। वहां राबिया ने अपने परिचित द्वारिका रैदास (70) से उसकी मुलाकात कराई, जिसने होटल के कमरे में तीन दिनों तक उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया।
साजिश में शामिल थीं दो महिलाएं, बुजुर्ग ने किया दुष्कर्म
किशोरी के बयानों के आधार पर मोहनलालगंज पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं और पॉक्सो एक्ट (POCSO Act) के तहत मामला दर्ज किया। डीसीपी दक्षिणी मोहम्मद मुस्ताक के कड़े निर्देशों के बाद पुलिस टीमों का गठन किया गया। जांच में सामने आया कि दुर्गेश, उसकी पत्नी खुशबू और विनोद ने साझा साजिश के तहत किशोरी को बहला-फुसलाकर अगवा किया और अलग-अलग जगहों पर छिपाकर रखा। वहीं, राबिया ने किशोरी को होटल में ठहराकर मुख्य आरोपी द्वारिका रैदास को बुलाकर वारदात को अंजाम दिलवाया।
किसान पथ के पास से हुई सभी 5 आरोपियों की गिरफ्तारी
मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर शनिवार को पुलिस ने किसान पथ स्थित पूरनपुर गांव के पास से पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी द्वारिका रैदास (70 वर्ष), विनोद रावत (20 वर्ष), दुर्गेश रावत (26 वर्ष), दुर्गेश की पत्नी खुशबू (23 वर्ष) और विनोद की पत्नी राबिया (18 वर्ष) को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
