Lucknow Suicide News: लखनऊ में एक गेस्ट हाउस के कमरे में युवक और युवती के फांसी लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। दोनों के शव गेस्ट हाउस के कमरे में फंसे से लटके हुए बरामद हुए। इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
लखनऊ गेस्ट हाउस सुसाइड केस में पुलिस जांच शुरू
जानकारी के अनुसार, यह घटना चिनहट थाना क्षेत्र के धावा गांव स्थित रेड बिल्डिंग गेस्ट हाउस की है। यहां नंबर 101 से दोनों के शव बरामद हुए। पुलिस के मुताबिक, मृतक युवक की पहचान 22 वर्षीय अमित कुमार के रूप में हुई है। वह हरदोई जिले के हरपालपुर का रहने वाला था। वहीं, मृतका की पहचान 19 वर्षीय नरगिस के रूप में हुई है। नरगिस भी हरदोई जिले के पालिया पंचशाला की निवासी थी।
23 अगस्त से गेस्ट हाउस में रुके थे दोनों
बताया जा रहा है कि अमित और नरगिस 23 अगस्त से गेस्ट हाउस के कमरा नंबर 101 में ठहरे हुए थे। गेस्ट हाउस संचालक ने जब दोनों को कमरे में फंदे से लटका देखा तो तुरंत चिनहट पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए लोहिया अस्पताल भेज दिया है। इस दौरान घटनास्थल पर अतिरिक्त निरीक्षक अमित कुमार पुलिस बल के साथ मौजूद रहे। पुलिस ने मौके से जरूरी जानकारी जुटाई है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
आत्महत्या की वजह साफ नहीं
फिलहाल आत्महत्या की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस गेस्ट हाउस के संचालक और अन्य लोगों से पूछताछ कर रही है। साथ ही, दोनों के गेस्ट हाउस में ठहरने और घटना से पहले की परिस्थितियों की भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस उपायुक्त पूर्वी डॉ. दीक्षा शर्मा के मुताबिक, मामले की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
