Lucknow Fire Tragedy: 'मारे गए लोगों के परिजन को एक-एक करोड़ रुपये मिले', अखिलेश यादव ने योगी सरकार से की बड़ी मांग

लखनऊ अग्निकांड को लेकर उत्तर प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने हादसे में 15 लोगों की मौत पर दुख जताते हुए भाजपा सरकार पर सुरक्षा नियमों की अनदेखी और भ्रष्टाचार का आरोप लगाया। उन्होंने मृतकों के परिवारों को एक-एक करोड़ रुपये मुआवजा देने और घायलों को इलाज के दौरान आर्थिक सहायता देने की मांग की। वहीं, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने पलटवार करते हुए कहा कि जिस इमारत में आग लगी, वह सपा सरकार के समय हुए भ्रष्टाचार का नतीजा थी और इस त्रासदी का राजनीतिकरण नहीं किया जाना चाहिए।

समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने लखनऊ में एक इमारत में भीषण आग लगने से 15 लोगों की मौत की घटना को लेकर सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधते हुए कहा कि नियमों पर भ्रष्टाचार हावी हो चुका है। यादव ने हादसे में मारे गये लोगों के परिजन को एक-एक करोड़ रुपये मुआवजा देने की मांग भी की। प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने सपा प्रमुख पर पलटवार करते हुए इस त्रासदी का राजनीतिकरण नहीं करने की ताकीद की और दावा किया कि जिस इमारत में आग लगी वह खुद सपा के शासनकाल में हुए भ्रष्टाचार की देन थी।

akhilesh yadav (5)

लखनऊ अग्निकांड को लेकर अखिलेश यादव ने योगी सरकार के कामकाज पर उठाए सवाल। ANI

'अगर सुरक्षा नियमों का पालन किया गया होता तो इतनी बड़ी त्रासदी नहीं होती'

सपा प्रमुख ने सोमवार को हुई घटना में लोगों की मौत पर दुख जाहिर किया और कहा, ’’अगर सुरक्षा नियमों का पालन किया गया होता तो इतनी बड़ी त्रासदी नहीं होती। नियमों का पालन नहीं होने के कारण इतने लोगों की जान चली गयी।’’ पूर्व मुख्यमंत्री ने आग से बचने के लिए खिड़की से कूदने वाले एक व्यक्ति का जिक्र करते हुए कहा, ’’आज मैं उस व्यक्ति से मिला जिसे वीडियो में खिड़की से कूदते हुए देखा गया था। उसे रीढ़ की हड्डी में चोट आई है। वह नौकरी करता था और उसके परिवार ने मुझे बताया कि इलाज लंबे समय तक चलेगा। उसकी मां की भी मौत हो चुकी है। सवाल यह है कि इस दौरान परिवार की देखभाल कौन करेगा।’’

End of Feed