Bengaluru Boyfriend Murder Case: बेंगलुरु के अंजनापुरा इलाके से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां प्रेम संबंध में हुई अनबन ने खौफनाक रूप ले लिया। पुलिस के मुताबिक, 27 वर्षीय किरण की उसकी ही महिला साथी प्रेरणा ने बेहद क्रूर तरीके से हत्या कर दी। जानकारी के अनुसार, किरण और प्रेरणा एक टेलीकॉम कंपनी में साथ काम करते थे और पिछले करीब एक साल से दोनों के बीच प्रेम संबंध थे। लेकिन हाल के समय में रिश्तों में तनाव बढ़ गया था। बताया जा रहा है कि प्रेरणा इस बात से नाराज थी कि किरण उससे दूरी बना रहा था और शादी के लिए तैयार नहीं था।
बेंगलुरु में सनसनीखेज हत्याकांड (AI Image)
सरप्राइज का झांसा देकर किया भयावह काम
इसी गुस्से और बदले की भावना में प्रेरणा ने कथित तौर पर एक साजिश रची। उसने किरण को यह कहकर अपने घर बुलाया कि वह उसे एक खास अंदाज में सरप्राइज प्रपोजल देना चाहती है। सुबह करीब 10 बजे जब किरण वहां पहुंचा, तो प्रेरणा ने उसे बातचीत में उलझाया और फिर आंखों पर पट्टी बांधकर उसे कुर्सी से रस्सियों से बांध दिया। किरण को लगा कि यह कोई सरप्राइज है, इसलिए उसने विरोध नहीं किया। लेकिन इसके बाद स्थिति भयावह हो गई। पुलिस के अनुसार, प्रेरणा ने पहले से तैयार पेट्रोल उस पर डालकर आग लगा दी। हाथ-पैर बंधे होने के कारण किरण खुद को बचा नहीं सका और उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
पूरी वारदात मोबाइल फोन में रिकॉर्ड
सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि आरोपी ने इस पूरी वारदात को अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड भी किया। घटना के बाद प्रेरणा ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की और दावा किया कि किरण ने खुद को आग लगाई थी। हालांकि, CCTV फुटेज और घटनास्थल की जांच के बाद पुलिस को उसके बयान पर शक हुआ। सख्त पूछताछ में वह टूट गई और अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है।
