शहर

कर्नाटक लोकायुक्त का बड़ा एक्शन, रेवेन्यू इंस्पेक्टर के घर से करोड़ों के ज्वेलरी-नकदी बरामद

राणेबेन्नूर में राजस्व निरीक्षक अशोक अरलेश्वर के यहाँ छापेमारी के दौरान करोड़ों रुपये की संपत्ति के दस्तावेज, सोने के आभूषण और नकदी बरामद हुई।

Image

कर्नाटक लोकायुक्त की हावेरी में छापेमार कार्रवाई (फोटो-ANI)

बेंगलुरु : कर्नाटक लोकायुक्त की टीम ने मंगलवार हावेरी में छापेमार कार्रवाई की। राणेबेन्नूर में राजस्व निरीक्षक अशोक अरलेश्वर के यहाँ छापेमारी के दौरान करोड़ों रुपये की संपत्ति के दस्तावेज, सोने के आभूषण और नकदी बरामद हुई। एएनआई के हवाले कुल 1 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति मिलने की खबर है। लोकायुक्त छापे का नेतृत्व उप पुलिस अधीक्षक मधुसूदन ने किया गया।

इससे पहले सुबह दावणगेरे में खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग से जुड़े दो अधिकारियों के दस ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। यह कार्रवाई लोकायुक्त के एसपी एमएस कौलापुरे के नेतृत्व में की गई। सूत्रों के अनुसार, छापेमारी की यह कार्रवाई भ्रष्टाचार और आय से अधिक संपत्ति के आरोपों की जांच के तहत की गई है। लोकायुक्त की टीम ने दावणगेरे शहर के सरस्वती एक्सटेंशन इलाके में स्थित बीएस नाडुविनमानी और बीएस धरिमणी के आवासों एवं दफ्तरों की तलाशी ली।

बीएस नाडुविनमानी (जो खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग में वरिष्ठ सहायक (एसडीए) के रूप में कार्यरत हैं) के घर पर लोकायुक्त निरीक्षक सरल की टीम ने विस्तृत तलाशी अभियान चलाया। बताया जा रहा है कि उनके घर से कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और कुछ संदिग्ध कागजात बरामद किए गए हैं।

इसी तरह, कर्नाटक फूड सिविल सप्लाइज कॉरपोरेशन लिमिटेड में कार्यरत बीएस धरिमाणी (जो वर्तमान में दावणगेरे ग्रामीण, दावणगेरे नगर और हरिहर थोक गोदाम के प्रबंधक के पद पर कार्यरत हैं) के ठिकानों पर भी छापे मारे गए। टीम ने दावणगेरे के एपीएमसी के पास स्थित विभागीय गोदाम कार्यालय में भी तलाशी की। लोकायुक्त एसपी एमएस कौलापुरे ने खुद मौके पर पहुंचकर पूरी कार्रवाई का निरीक्षण किया।

माना जा रहा है कि इन दोनों अधिकारियों पर आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का शक है, जिसके आधार पर यह कार्रवाई की गई है। फिलहाल लोकायुक्त की टीम ने दोनों अधिकारियों से पूछताछ शुरू कर दी है और जब्त किए गए दस्तावेजों की जांच जारी है। लोकायुक्त कार्यालय का कहना है कि यदि जांच में भ्रष्टाचार के ठोस सबूत मिलते हैं तो दोनों अधिकारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। यह छापा कर्नाटक में लोकायुक्त की हाल की सबसे बड़ी कार्रवाइयों में से एक माना जा रहा है।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article