भारतीय सेना ने मंगलवार और बुधवार की दरम्यानी रात पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में कुल 9 आतंकी ठिकानों को निशाना बनाकर एयरस्ट्राइक किया है। इस तरह से भारत ने 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकी हमले का बदला लिया है। इस एयरस्ट्राइक के बाद हर तरफ से भारतीय सेना की तारीफ हो रही है। जिस जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकियों ने पर्यटकों से धर्म पूछकर उन्हें मौत के घाट उतारा था। उसी जम्मू-कश्मीर के लोग पाकिस्तान और PoK में एयरस्ट्राइक के बाद भारत माता की जय और इंडियन आर्मी जिंदाबाद के नारे लगा रहे हैं।
ऑपरेशन सिंदूर के बाद जम्मू-कश्मीर में लगे भारत माता की जय के नारे
भारतीय सेना की इस कार्रवाई की खबर लगने के बाद सुबह होते ही स्थानीय लोग घरों से बाहर निकल आए और भारतीय सेना की जयजयकार करने लगे। इस भीड़ में मौजूद एक शख्स ने कहा कि हम भारतीय सेना की इस कार्रवाई से काफी खुश हैं। हम पाकिस्तान के खिलाफ भारत की इस कार्रवाई का इंतजार कर रहे थे।
स्थानीय लोगों ने कहा, 'इस बार सुबूतों के साथ पाकिस्तान पर एयरस्ट्राइक की गई है। इस बार कोई भी एयर स्ट्राइक का सुबूत नहीं मांगेगा। हम भारतीय सेना के साथ खड़े हैं। उन्होंने कहा, जहां भी फौज को हमारी जरूरत पड़ेगी हम अखनूर के लोग पूरी तरह से उनके साथ हैं।'
स्थानीय लोगों ने कहा कि सभी लोग चाहते थे कि पहलगाम आतंकी हमले का बदला लिया जाए। आज भारतीय सेना ने यह कर दिखाया है, इससे हम खुश हैं।
