शहर

बद्रीनाथ में पुष्पा गैंग का भंडाफोड़, जेब काटने आंध्र प्रदेश से उत्तराखंड आए थे बदमाश, 8 गिरफ्तार

उत्तराखंड के बद्रीनाथ धाम में श्रद्धालुओं के सामान की चोरी करने वाले गिरोह के एक्टिव होने की सूचना मिलते ही चमोली पुलिस ने एक्शन लिया और पुष्पा गैंग का पर्दाफाश करते हुए 8 लोगों को गिरफ्तार किया। यह सभी ट्रेन और प्लेन से उत्तराखंड चोरी की वारदात को अंजाम देने आए थे।

Image

बद्रीनाथ में पुष्पा गैंग का भंडाफोड़

उत्तराखंड में 4 मई को बद्रीनाथ धाम के कपाट खुलने से बाद से यात्रा शुरू हो गई है। भारी संख्या में श्रद्धालु बद्रीनाथ मंदिर दर्शन के लिए जा रहे हैं। इस बीच ठगी और चोरी करने वाले बदमाश/गिरोह एक्टिव हो गए हैं। कोई साइबर ठगी को अंजाम दे रहा है तो कोई श्रद्धालुओं का सामान चुरा रहा है। बद्रीनाथ धाम में श्रद्धालुओं का ध्यान भटका कर उनका सामान चुराने के आरोप में पुलिस ने आंध्र प्रदेश के आठ बदमाशों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि मंगलवार को बद्रीनाथ मंदिर में तीर्थयात्रियों के सामान को चोरी करने वाले कुख्यात अंतर्राज्यीय ‘पुष्पा’ गिरोह के आठ सदस्यों को सोमवार को रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया। अधिकारी ने बताया कि आरोपियों के पास से दो लाख 55 हजार रुपये नकद, आठ मोबाइल फोन और आठ पर्स बरामद किए गए हैं, जो श्रद्धालुओं के हैं।

पुलिस ने सर्विलांस के जरिए पकड़े चोर

बद्रीनाथ मंदिर के कपाट रविवार को खुले हैं और अन्य धामों की तरह यहां भी देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। इस दौरान बद्रीनाथ में सामान चोरी करने वाले गिरोहों के भी सक्रिय होने की सूचना थी जिसपर पुलिस ने सर्विलांस के जरिए इन लोगों को पकड़ा।

पुलिस ने बताया कि इस गिरोह के सदस्य भीड़ के बीच में घुसकर लोगों को धक्का देते हुए उनकी जेबें टटोलते थे और जेब काट देते थे। पुलिस ने बताया कि गिरोह के सभी सदस्य हवाई और रेल मार्ग से आंध्र प्रदेश से बद्रीनाथ पहुंचे थे। गिरोह का सरगना आंध्र प्रदेश के गुंटूर जिले का रहने वाला 50 वर्षीय कृष्ण छेदाजा है और वह भी गिरफ्तार बदमाशों में शामिल है। चमोली के पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार ने यात्रियों से अपील की है कि वे अपनी व्यक्तिगत सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें और भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में अपने सामान को हमेशा निगरानी में रखें।

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!