OperationSindoor: भारत ने बुधवार तड़के रात पाकिस्तान और PoK में 9 जगहों पर एयर स्ट्राइक किया। 9 में से पांच एयरस्ट्राइक पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) में जबकि 4 ठिकानों को पाकिस्तान के अंदर निशाना बनाया गया है। जिन ठिकानों को निशाना बनाया गया है, उनमें पाकिस्तान के बहावलपुर, मुरीदके और सियालकोट भी शामिल हैं। पहलगाम आतंकी हमले के बाद से ही देश में पाकिस्तान के खिलाफ रोष व्याप्त था। पक्ष-विपक्ष और जनता की तरफ से लगातार पाकिस्तान को सबक सिखाए जाने की बात कही जा रही थी। आज जब भारत ने पाकिस्तान में आतंकी ठिकानों पर जोरदार हमला बोला है तो हर कोई इसकी जमकर तारीफ कर रहा है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रातभर लगातार ऑपरेशन सिंदूर पर नजर रखी। देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी ऑपरेशन सिंदूर के बारे में जानकारी दी। उन्होंने भारत माता की जय कहते हुए भारतीय सेना की इस कार्रवाई की जमकर तारीफ की। भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर ने पाकिस्तान और PoK में आतंकी ठिकानों पर एयरस्ट्राइक के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, 'The world must show zero tolerance for terrorism.' यानी दुनिया को आतंकवाद के खिलाफ किसी तरह की सहिष्णुता नहीं दिखानी चाहिए।
छेड़ोगे तो छोड़ेंगे नहीं
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने इस पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, 'पहलगाम पर भारत का पैगाम - छेड़ोगे तो छोड़ेंगे नहीं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने कहा, भारत की आत्मा पर हमला करने वालों को कड़ी सजा मिलेगी। भारत आतंकवाद को उसकी जड़ से उखाड़ फेंकने में सक्षम भी है और संकल्पबद्ध भी है। मिटा देंगे आतंकवाद का नासूर।'
140 करोड़ जनता को शुभकामनाएं
आम आदमी पार्टी के नेता और राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने #OperationSindoor पर कहा, '...अब समय आ गया था कि उनको (पाकिस्तान) उनकी भाषा में जवाब दिया जाए और 'ऑपरेशन सिन्दूर' के जरिए हमारी सेना ने उनके आतंकी ठिकानों को बर्बाद किया है। मैं भारतीय सेना को सर झुका के नमन करता हूं, 140 करोड़ जनता की शुभकामनाएं उनके साथ हैं...'
राहुल गांधी बोले - सेना पर गर्व है
राहुल गांधी ने इस ऑपरेशन सिंदूर के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट किया है। इसमें उन्होंने लिखा - Proud of our Armed Forces. Jai Hind! पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष और रायबरेली से सांसद राहुल गांधी ने सुबह 8.16 बजे किए अपने X पोस्ट में सेना की तारीफ की। हालांकि, उनकी पार्टी की तरफ से पहले ही प्रतिक्रिया आ चुकी है।
असदुद्दीन ओवैसी बोले जय हिंद!
AIMIM नेता असदुद्दीन ओवैसी ने भी भारतीय सेना के ऑपरेशन सिंदूर की जमकर तारीफ की। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, 'मैं हमारी रक्षा सेनाओं द्वारा पाकिस्तान में आतंकवादी ठिकानों पर किए गए लक्षित हमलों का स्वागत करता हूं। पाकिस्तानी डीप स्टेट को ऐसी सख्त सीख दी जानी चाहिए कि फिर कभी दूसरा पहलगाम न हो। पाकिस्तान के आतंक ढांचे को पूरी तरह नष्ट कर देना चाहिए। जय हिन्द! #OperationSindoor'
एन चंद्रबाबू नायडू ने लिखा जय हिंद
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री और NDA नेता एन चंद्रबाबू नायडू ने भी ऑपरेशन सिंदूर की सफलता को लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट किया है। उन्होंने भारतीय आर्मी को टैग करते हुए जय हिंद लिखा और हैश टैक के रूप में #PahalgamTerrorAttack #AirStrike #OperationSindoor भी दिए।
योगी आदित्यनाथ बोले जय हिंद की सेना
केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने भी #OperationSindoor हैशटैग के साथ सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर भारत माता की जय का पोस्ट किया। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भी हर हर महादेव वंदे मातरम का पोस्ट किया। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जय हिंद की सेना का पोस्ट किया।
शिवसेना UBT ने की सेना की तारीफ
शिव सेना (UBT) नेता प्रियंका चतुर्वेदी ने X पर लिखा, 'उन्होंने धर्म पूछकर मारा था। अब अपने कर्मों का फल भुगतो। भारतीय सेना'। आदित्य ठाकरने का कहना है कि आतंकवाद चाहे वह किसी भी रूप में हो उसका खात्मा होना चाहिए। उन्हें इस तरह से मारा जाए कि वह फिर से खड़े न हो पाएं। जय हिंद!
'कांग्रेस सशस्त्र बलों के साथ खड़ी'
पाकिस्तान और PoK में ऑपरेशन सिंदूर के तहत भारत की एयरस्ट्राइक पर कांग्रेस की तरफ से पहली प्रतिक्रिया आ गई है। कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट किया, 'भारत की यह अडिग नीति होनी चाहिए कि पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके) में आतंकवाद के सभी स्रोतों का पूरी तरह से सफाया किया जाए, और यह नीति हमेशा सर्वोच्च राष्ट्रीय हित से प्रेरित होनी चाहिए। यह समय एकता और एकजुटता का है। 22 अप्रैल की रात से ही भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस यह स्पष्ट रूप से कह रही है कि पहलगाम आतंकी हमले के जवाब में राष्ट्र की कार्रवाई को लेकर सरकार को हमारा पूर्ण समर्थन रहेगा। कांग्रेस पार्टी हमारे सशस्त्र बलों के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है। जयराम रमेश के इस X पोस्ट को कांग्रेस के X हैंडल से रीपोस्ट किया है।
कांग्रेस नेता और उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने भी सेना की इस कार्रवाई का समर्थन किया। उन्होंने कहा, 'मैं सेना को इसके लिए बधाई देता हूं। हमें हमारी सेना पर गर्व है। पूरा देश चाहता था कि राफेल पर से नींबू-मिर्च को हटाया जाए। मेरा मानना है कि जहां कहीं भी आतंकवाद फल-फूल रहा है, उसका खात्मा किया जाना चाहिए।'
पराक्रमो विजयते
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भी भारतीय सेना के Operation Sindoor पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर दो शब्दों में अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने लिखा 'पराक्रमो विजयते!'
लालू यादव बोले जय हिंद!
RJD नेता, बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और पूर्व केंद्रीय मंत्री लालू प्रसाद यादव ने भी ऑपरेशन सिंदूर के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर 'जय हिंद! जय हिंद की सेना!' का पोस्ट किया। RJD तेजस्वी यादव ने ऑपरेशन सिंदूर की तारीफ करते हुए कहा, 'जय हिंद! कोई भी आतंकवादी और अलगाववादी नहीं बचना चाहिए। हमें अपने बहादुर सैनिकों और भारतीय सेना पर गर्व है।'
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने X पर पोस्ट किया -
"शौर्यं तेजः संयमश्च, यत्र भारतसैनिका:।
विजयं तेषु नित्यं स्यात्, जयतु भारतमाता॥"
जहाँ भारत की सेना है, वहाँ शौर्य, तेज और अनुशासन है। उन्हें सदा विजय प्राप्त हो — भारत माता की जय
जम्मू में भाजपा नेता कविंद्र गुप्ता का कहना है कि पाकिस्तान ज्यादा देर तक भारत के सामने नहीं टिक पाएगी। उनका कहना है कि पाकिस्तान कई टुकड़ों में बंटने वाला है और पाकिस्तान नाम का देश दुनिया के नक्शे से खत्म होने वाला है।
