देश

Operation Sindoor के बाद अमृतसर, श्रीनगर, लेह, जम्मू सहित कई एयरपोर्ट बंद, एयरपोर्ट जाने से पहले फ्लाइट स्टेटस चेक कर लें

भारत ने पाकिस्तान की अंतरराष्ट्रीय सीमा के अंदर 4 और PoK में पांच आतंकी ठिकानों पर जोरदार एयरस्ट्राइक किया है। इसके बाद पाकिस्तान की तरफ से किसी भी तरह की प्रतिक्रिया को देखते हुए उत्तर भारत के कई हवाई अड्डों को अगले आदेश तक बंद कर दिया गया है। एयरपोर्ट जाने से पहले अपनी फ्लाइट का स्टेटस चेक कर लें।

Image

उत्तर भारत के कई एयरपोर्ट अगले आदेश तक बंद

Photo : Twitter

पहलगाम आतंकी हमले के बाद से ही देश का हर नागरिक पाकिस्तान को सबक सिखाने की बात कर रहा है। विपक्षी दलों ने भी पाकिस्तान के खिलाफ सरकार को कार्रवाई के लिए अपना पूरा समर्थन जताया था। आखिर भारत ने मंगलवार और बुधवार की दरम्यानी रात पाकिस्तान और पीओके में 9 जगहों पर एयरस्ट्राइक किया। आतंकी ठिकानों पर एयरस्ट्राइक के बाद एक तरफ पाकिस्तान में अफरातफरी मची है और दूसरी तरफ भारत में सेना की जमकर तारीफ हो रही है। इस बीच विशेषतौर पर उत्तर भारत में हवाई यात्रा को लेकर एडवाइजरी जारी की गई है।

स्पाइसजेट एयरलाइंस ने बुधवार को उत्तर भारत के सभी एयरपोर्ट पर उड़ानों के लिए एडवाइजरी जारी की है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एयरलाइन की तरफ से एक पोस्ट किया गया है। इसमें धर्मशाला, लेह, जम्मू, श्रीनगर और अमृतसर के हवाई अड्डों को अगले आदेश तक बंद करने के बारे में जानकारी दी गई है। इस पोस्ट में आगे कहा गया है कि ऊपर बताए गए हवाई अड्डों पर डिपार्चर, अराइवल और अन्य सभी तरह की उड़ानें प्रभावित होंगी।

स्पाइसजेट एयरलाइंस ने यात्रियों से अनुरोध किया है कि वे अपनी यात्रा नई एडवाइजरी के अनुसार ही प्लान करें और हवाई अड्डा आने से पहले अपनी फ्लाइट का स्टेटस जरूर चेक कर लें।

बता दें कि पाकिस्तान में एयरस्ट्राइक और पाकिस्तान की तरफ से किसी संभावित हमले के मद्देनजर उत्तर भारत में धर्मशाला, लेह, जम्मू, श्रीनगर और अमृतसर हवाई अड्डों को अगले आदेश तक के लिए बंद कर दिया गया है।

इस बीच इंडिगो एयरलाइंस ने भी अपने यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी की है। इंडिगो ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए लिखा श्रीनगर, जम्मू, अमृतसर, लेह, चंडीगढ़ और धर्मशाला से उड़ाने प्रभावित होंगी। एयरलाइंस की तरफ से यात्रियों को कहा गया है कि एयरपोर्ट आने से पहले अपनी फ्लाइट का स्टेटस चेक कर लें।

इसके अलावा बीकानेर एयरपोर्ट पर भी सेवाएं प्रभावित रहेंगी। बीकानेर से उड़ने वाली और यहां आने वाली फ्लाइट्स भी प्रभावित होंगी।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article