हरिद्वार : अगर आप धर्म नगरी हरिद्वार में मां गंगा में स्नान करने के लिए आए हैं और गंगा में स्नान करना चाह रहे हैं तो संभल जाएं। आपकी जरा सी लापरवाही आपकी जान पर भारी पड़ सकती है। हम इसलिए कह रहे हैं कि शुक्रवार को निर्जला एकादशी के मौके पर स्नान करने जम्मू कश्मीर से आए एक युवक के साथ हादसा होते-होते बच गया। हालांकि, डूबते युवक को पीएसी के जवानों ने रेस्क्यू कर बाहर निकाल लिया। इससे जुड़ा एक वीडियो सामने आया है।
दरअसल, युवक विशाल गंगा में तैर रहा था। इसी दौरान वह गंगा की तेज लहरों में फंस गया, जिसके बाद वह तेज बहाव में डूबने लगा। गनीमत रही कि हाथी पुल के पास बनी जंजीरों को उसने पकड़ लिया। इसके बाद हरिद्वार आपदा राहत दल की 40 वीं वाहिनी पीएससी की टीम ने तत्परता दिखाते हुए उसका रेस्क्यू किया, जिसके बाद विशाल को सकुशल गंगा से बाहर निकाल लिया गया।
वीडियो में देखा जा सकता है कि युवक किस तरह जंजीर पकड़कर लटका हुआ है। हालांकि, आपदा राहत दल की टीम मौके पर थी और उसे चंद मिनट में ही बचा लिया। आपदा राहत दल के सदस्य अपर पी०सी० बिशन सिंह खड़का ने बताया की आज लगभग 3:30 बजे हाथी पुल हरिद्वार में यात्री विशाल सिंह, निवासी जम्मू और कश्मीर के पुल क्षेत्र में गंगा स्नान के दौरान तेज बहाव में डूबने की सूचना प्राप्त हुई, जिसके बाद आपदा राहत दल 40वीं वाहिनी पीएसी हरिद्वार द्वारा तत्परता दिखाते हुए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। यात्री को सकुशल गंगा से बाहर निकाला गया। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि गंगा स्नान के दौरान सतर्कता बरतें एवं केवल प्रशासन की ओर से निर्धारित सुरक्षित क्षेत्रों में ही स्नान करें।
