Kurukshetra Cylinder Blast: हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले के शाहाबाद इलाके में बुधवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। जहां एक घर में गैस सिलेंडर में अचानक धमाका होने से भीषण आग लग गई। इस हादसे में तीन बच्चों समेत आठ लोग बुरी तरह झुलस गए। जिन्हें तुरंत नजदीकी प्राइवेट हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया।
कुरुक्षेत्र में गैस सिलेंडर धमाका
घर में सोते लोग आग की चपेट में आए
जानकारी के अनुसार, यह घटना शाहाबाद के यारा गांव में हुई। आज सुबह करीब साढ़े 6 बजे गीता देवी रसोई में खाना बना रही थीं। तभी अचानक सिलेंडर से गैस लीक होने लगी और देखते ही देखते जोरदार धमाके के साथ आग भड़क उठी। आग की लपटें इतनी तेजी से फैली कि थोड़ी ही देर में पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। घटना के समय घर के अन्य सदस्य सो रहे थे, जो आग की चपेट में आ गए।
धमाके से हिले दरवाजा उखड़ा
इस घटना से घर में चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग भी दहशत में आ गए। धमाके इतना ज्यादा तेज था कि रसोई की टाइलें टूट गईं, घर की दीवारों में दरारें आ गईं और दरवाजा भी उखड़कर दूर जा गिरा। इतना ही नहीं, धमाके के प्रभाव से आसपास के घर भी हिल गए, जिससे पूरे इलाके में अफरातफरी का माहौल बन गया।
घटना का पता चलते ही पड़ोसियों ने डायल-112 और फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। कुछ ही देर में फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। साथ ही घायलों को घर से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। घायलों में गीता देवी, उनके पति रूपेंद्र कुमार, चरणों देवी, आंचल, वैष्णवी, कोमल और बांका समेत कुल आठ लोग शामिल हैं।
सिलेंडर लीकेज बना हादसे की वजह
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सिलेंडर की पिन प्रेशर की वजह से निकल गई, जिससे गैस लीक होने पर धमाका हुआ और आग फैल गई। हालांकि राहत की बात यह रही कि सिलेंडर में बड़ा विस्फोट नहीं हुआ, वरना हादसा और भी भयावह हो सकता था। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
