भारत के 'प्रोजेक्ट चीता' के चार वर्ष सफलतापूर्वक पूरे होने के ठीक एक दिन बाद कूनो नेशनल पार्क से एक खुशखबरी सामने आई है। भारत में ही जन्मी मादा चीता KGP12 ने कूनो नेशनल पार्क में चार नए शावकों को जन्म दिया है। कल ही कूनो नेशनल पार्क ने एक रिपोर्ट साझा कर बताया था कि भारत में चीतों की कुल आबादी बढ़कर 52 हो गई है, जिनमें से 32 चीते ऐसे हैं जिनका जन्म भारत की धरती पर ही हुआ है। अब इन चार शावकों को जोड़ लेने पर संख्या 56 हो गई है और भारत में जन्मे चीतों की संख्या 36 हो गई है।
शावकों के साथ KGP12 (X/@byadavbjp)
केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने दी बधाई
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर इस उपलब्धि की जानकारी साझा करते हुए केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने इसे प्रोजेक्ट चीता के लिए एक ऐतिहासिक क्षण बताया। उन्होंने लिखा कि प्रोजेक्ट चीता के लिए एक सचमुच ऐतिहासिक और आनंददायक क्षण! भारत के चीता प्रोजेक्ट के चार साल पूरे होने के एक दिन बाद, भारत में जन्मी मादा चीता KGP12 ने कूनो में चार शावकों को जन्म दिया है। चार साल, चार नए जीवन; यह आशा, लचीलेपन और भारत में चीता संरक्षण की बढ़ती सफलता का एक सुंदर प्रतीक है।
केंद्रीय मंत्री ने कूनो नेशनल पार्क की टीम और प्रोजेक्ट चीता से जुड़े सभी सदस्यों को बधाई दी।
4 साल की समीक्षा रिपोर्ट
कूनो नेशनल पार्क द्वारा जारी “Four Years of Cheetahs in India - A Status Review (17 सितंबर 2022 – 17 सितंबर 2026)” रिपोर्ट के अनुसार, वर्तमान में देश में मौजूद 52 चीतों में नामीबिया, दक्षिण अफ्रीका और बोत्सवाना से लाए गए चीते तथा भारत में जन्मे उनके शावक शामिल हैं। 17 सितंबर 2022 को नामीबिया से 8 चीते लाए गए थे। इनमें से 3 जीवित हैं और उनके 22 भारतीय-जन्म शावक मौजूद हैं। नामीबियाई मूल की कुल आबादी और वंशज मिलाकर 25 हो गए हैं। 18 फरवरी 2023 को दक्षिण अफ्रीका से 12 चीते लाए गए थे। इनमें से 8 जीवित हैं और उनके 10 भारतीय-जन्म शावक हैं। दक्षिण अफ्रीकी मूल की कुल आबादी और वंशज मिलाकर 18 हो गए हैं। 28 फरवरी 2026 को बोत्सवाना से 9 चीते लाए गए थे।
समीक्षा रिपोर्ट के अनुसार, कुल 52 चीतों में से 49 चीते कूनो नेशनल पार्क में हैं, जबकि 3 चीते गांधी सागर अभयारण्य (Gandhi Sagar Sanctuary) में मौजूद हैं। कूनो नेशनल पार्क में मौजूद 49 चीतों में 17 चीते (10 नर और 7 मादा) खुले जंगल में घूम रहे हैं और सॉफ्ट रिलीज बोमा के अंदर 32 चीते (5 नर, 8 मादा और 1 वर्ष से कम उम्र के 19 शावक) सुरक्षित हैं।
