Jhansi Anganwadi Worker Recruitment 2025: प्रदेश में योगी सरकार आंगनबाड़ी सेवाओं का ढांचा मजबूत करने पर जोर दे रही है, ताकि छोटे बच्चों और गर्भवती महिलाओं को बेहतर देखभाल और स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें। इसी क्रम में झांसी जिले के ग्रामीण तथा शहरी क्षेत्रों में बाल विकास परियोजनाओं के अंतर्गत मानदेय पर आंगनबाड़ी सहायिका के खाली पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया शुरू की गई है। सीधी भर्ती के तहत योग्य महिला उम्मीदवार विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर 3 दिसंबर तक ऑनलाइन आवेदन जमा कर सकती हैं।
यूपी सरकार ने झांसी में 532 आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं की भर्ती शुरू की (फोटो: Canva)
झांसी जिले में इस बार आंगनबाड़ी सहायिका के कुल 532 पदों पर नियुक्ति की जा रही है। फिलहाल जिले में 847 सहायिकाएं काम कर रही हैं, और नई भर्ती पूरी होने के बाद यह संख्या बढ़कर 1379 हो जाएगी। खाली पद भरने से बच्चों की देखभाल, गर्भवती महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य संबंधी सेवाओं, टीकाकरण सहित अन्य कार्यों की गुणवत्ता में भी सुधार आने की उम्मीद है। इस भर्ती में केवल महिला उम्मीदवार ही आवेदन करने के योग्य हैं, और बीपीएल श्रेणी की आवेदक महिलाओं को चयन में वरीयता दी जाएगी।
बबीना, बड़ागांव, बामौर, बंगरा, चिरगांव, गुरसराय, मऊरानीपुर, मोठ विकासखंडों और झांसी नगर क्षेत्र की बाल विकास परियोजनाओं में 532 आंगनबाड़ी सहायिका पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया शुरू हो गई है। जिला कार्यक्रम अधिकारी विपिन कुमार मैत्रेय के अनुसार, इन पदों के लिए आवश्यक योग्यता और आवेदन से जुड़ी विस्तृत जानकारी विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है। इच्छुक अभ्यार्थी अधिक जानकारी पाने के लिए संबंधित विकासखंड के बाल विकास परियोजना अधिकारी कार्यालय या विकास भवन स्थित जिला कार्यक्रम अधिकारी कार्यालय से संपर्क कर सकती हैं।
