कानपुर वालों के लिए खुशखबरी है। शहर के प्रसिद्ध कारगिल पार्क मोतीझील में अब शहर के लोग टहलने व घूमने के साथ बोटिंग का भी आनंद ले सकेंगे। कानपुर नगर निगम ने यहां पर पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप (पीपीपी) मॉडल पर बोटिंग की सुविधा शुरू करने जा रहा है। बोटिंग के लिए अधिकृति की गई कंपनी द्वारा इसका ट्राइल शुरू कर दिया गया है। लोग यहां पर एक नवंबर से बोटिंग का मजा ले सकेंगे। हालांकि बोटिंग के टाइमिंग को लेकर अभी कोई घोषणा नहीं की गई है।
कारगिल पार्क का झील ओर किनारे पर बना सिंथेटिक ट्रैक
बता दें कि, स्मार्ट सिटी मिशन के तहत नगर निगम ने करीब साढ़े चार करोड़ रुपये से कारगिल पार्क का सुंदरीकरण कराया है। झील के चारो तरफ 1.8 किलोमीटर लंबे सिंथेटिक ट्रैक का निर्माण कराया गया है। साथ ही ट्रैक के दोनों तरफ कई तरह के पेड़-पौधे ओर फूल भी लगाए गए हैं। नगर निगम अधिकारियों के अनुसार, कारगिल पार्क को शहर का टॉप पिकनिक स्पॉट बनाने की कोशिश की जा रही है। यहां पर सुंदरीकरण से जुड़े लगभग सभी कार्य पूरे हो गए हैं। कुछ कार्य बचे हैं, उन्हें भी जल्द पूरा कर लिया जाएगा।
दिवाली के बाद शुल्क और टाइमिंग की घोषणा
निगम अधिकारियों ने बताया कि, इसी साल इस झील को सुखाकर इसे साफ कराने के साथ गहरा किया गया था। अब इस झील की गहराई 4 मीटर तक है, जिसकी वजह से यहां पर पानी कम होने पर भी आराम से बोटिंग की जा सकती है। यहां पीपीपी मॉडल से बोटिंग की जिम्मेदारी मणिकर्णिका वाटर स्पोर्ट्स कपंनी को दी गई है। कंपनी के मैनेजर सत्यम दुबे ने बताया कि, यहां के झील में 10 पैडल वोट, दो शिकारा, एक मोटर बोट चलाई जाएगी। इनका ट्रायल किया जा रहा है, एक नवंबर से इसे जनता के लिए चालू कर दिया जाएगा। बोटिंग के लिए लगने वाले शुल्क और टाइमिंग की घोषणा दिवाली के बाद की जाएगी।
