Hanuman Ji Kanpur Viral Video: पवनपुत्र हनुमान (Lord Hanuman) भक्तों के बीच संकटमोचक भी माने जाते हैं। कई बार रोते हुए लोग उनके दर पर अपनी मन्नतें लेकर पहुंचते हैं, मगर भगवान बजरंगबली (Bajrangbali) की आंखों में ही अगर आंसू आ जाएं तब? जी हां, हनुमान जयंती (Hanuman Jayanti) से ठीक एक रोज पहले यानी बुधवार (पांच अप्रैल, 2023) को सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें मारुति नंदन की मूर्ति में आंखों वाले हिस्से से तरल पर्दाथ की धारनुमा कुछ नजर आया। दावा किया गया कि ये भगवान के आंसू थे।
उत्तर प्रदेश के कानपुर में एक मंदिर में भगवान हनुमान की मूर्ति में आंखों पर आंसू आने के दावे से जुड़ा वीडियो सामने आया है। (वीडियो स्क्रीनग्रैब)
सोशल मीडिया मंच टि्वटर (Twitter) पर बुधवार (पांच अप्रैल, 2023) को मामले से जुड़ा वीडियो सामने आया। 45 सेकेंड्स की इस क्लिप में हनुमान जी की मूर्ति दिखाई दे रही थी और उसमें आंखों से पानीनुमा धार दिख रही थी। इस धार के निशान आंखों से चेहरे और सीने तक जाते नजर आए। हालांकि, यह पानी वहां कैसे आया और असल में वह आंसू थे या कुछ और? यह तो फिलहाल साफ नहीं हो पाया और न ही टाइम्स नाउ नवभारत इसकी कोई पुष्टि करता है।
देखते ही देखते यह वीडियो सोशल मीडिया मंचों पर वायरल हो गया, जिसके बाद जानकारी पर और लोग भी उस मंदिर में जुट गए। वीडियो इतनी तेजी से फैला कि यह पुलिस प्रशासन तक पहुंच गया। फिर क्या था...पुलिस भी भगवान के कथित आंसू देखने मंदिर पहुंच गई। यह पूरा मामला उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) के कानपुर (Kanpur) शहर का है। सुबह के वक्त जो भगवान हनुमान की मूर्ति से जुड़ा वायरल हुआ, वह कोयला नगर (Koyla Nagar) इलाके में बजरंगबली के मंदिर का था।
चकेरी के असिस्टेंट कमिश्नर अमरनाथ यादव सूचना के बाद मौके पर अपनी टीम के साथ पहुंचे। मंदिर में पुलिस वालों ने घुसते ही भगवान के पैर छुए और फिर अपनी ओर से जांच-पड़ताल की। उन्होंने मौके पर मौजूद पत्रकारों को इस बारे में बताया कि वायरल वीडियो में जो दावा किया जा रहा है, वैसा उन्हें कुछ भी नहीं मिला...बजरंगबली तो खुद संकटमोचक हैं। जांच की जाएगी कि वीडियो कहां से आया है। पता लगाएंगे कि किसने अफवाह फैलाने के लिए वीडियो वायरल किया।
(नोटः टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के अंधविश्वास को बढ़ावा नहीं देता है। हमारा मकसद आपको सिर्फ खबर से रू-ब-रू कराना है।)
