Kannauj Bus Accident: उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर बड़ा हादसा हो गया। जहां छात्रों से भरी एक बस को तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयंकर थी कि चार छात्रों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 35 से अधिक छात्र घायल बताए जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि यह बस टूर से लौट रही थी। हादसे की सूचना पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया। सभी घायलों को बस से निकाला गया। जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। जहां डॉक्टर उनका उपचार कर रहे हैं।
कन्नौज में भीषण सड़क हादसा
बस में सवार थे करीब 50 छात्र और 6 शिक्षक
जानकारी के मुताबिक, बस में करीब 50 छात्र और छह शिक्षक सवार थे। सभी कौशांबी जिले के रहने वाले बताए जा रहे हैं। छात्र बस से टूर पर गए थे और वहां से वापस अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर ठठिया थाना क्षेत्र के 209 किलोमीटर कट के पास बस इस दर्दनाक हादसे का शिकार हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई।
डीएम और एसपी ने घायलों का जाना हाल
हादसे की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे। डीएम और एसपी समेत अन्य अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया। अधिकारियों ने मेडिकल कॉलेज पहुंचकर घायल छात्रों का हालचाल भी जाना। हादसे के बाद प्रशासन की ओर से घायलों के उपचार पर नजर रखी जा रही है। फिलहाल हादसे के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस इस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।
