भारतीय जनता पार्टी की मंडी से सांसद और अभिनेत्री कंगना रनौत एक बार फिर अपने सोशल मीडिया बयानों को लेकर कानूनी विवाद में घिर गई हैं। पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी, संजय गांधी की मृत्यु और पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी पर की गई विवादित सोशल मीडिया टिप्पणियों के मामले में हिमाचल प्रदेश पुलिस ने शिमला में कंगना रनौत के खिलाफ FIR दर्ज की है। यह कार्रवाई शिमला निवासी कैप्टन अतुल शर्मा की शिकायत के आधार पर की गई है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धारा 196(1)(b), 353(2) और 356(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांधी परिवार पर विवादित पोस्ट का मामला (फाइल फोटो)
क्या है पूरा विवाद और शिकायतकर्ता का आरोप?
शिकायतकर्ता कैप्टन अतुल शर्मा के अनुसार, कंगना रनौत के सत्यापित सोशल मीडिया हैंडल से 10 नवंबर को एक पोस्ट शेयर की गई थी। इस पोस्ट में गांधी परिवार के ऐतिहासिक घटनाक्रमों और त्रासदियों पर कई कथित भड़काऊ और तथ्यहीन टिप्पणियां की गई थीं। पोस्ट में पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी, उनके बेटे संजय गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की मृत्यु के घटनाक्रमों को लेकर आपत्तिजनक और भ्रामक संकेत दिए गए थे। शिकायत के मुताबिक, पोस्ट में कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी को कथित तौर पर 'रहस्यमयी विदेशी नागरिक' बताया गया और उनके परिवार के सदस्यों की एक के बाद एक हुई दुखद मौतों के बाद सरकार की कमान संभालने पर सवाल खड़े किए गए। शिकायतकर्ता का तर्क है कि यह पोस्ट महज राजनीतिक आलोचना नहीं है, बल्कि इससे समाज में विभिन्न समूहों के बीच वैमनस्य फैलने और सार्वजनिक शांति भंग होने का खतरा है।
पुलिस ने BNS की धाराओं में दर्ज किया मामला
शिमला के पुलिस अधीक्षक (SP) गौरव सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने शिकायत पर संज्ञान लेते हुए भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 के तहत बालूगंज (शिमला वेस्ट) थाने में केस दर्ज किया है।
- धारा 196(1)(b): विभिन्न समूहों के बीच धर्म, भाषा या स्थान के आधार पर शत्रुता या वैमनस्य को बढ़ावा देना।
- धारा 353(2): जनता के बीच भय, भ्रम या उपद्रव फैलाने की मंशा से सोशल मीडिया या किसी माध्यम पर भ्रामक खबरें प्रकाशित या प्रसारित करना।
- धारा 356(2): मानहानि से संबंधित प्रावधान।
साइबर फॉरेंसिक जांच की मांग
शिकायतकर्ता ने हिमाचल प्रदेश पुलिस महानिदेशक (DGP) को ईमेल के जरिए भेजी शिकायत में मांग की है कि संबंधित सोशल मीडिया पोस्ट का मेटाडेटा, मूल वीडियो और उससे जुड़ी डिजिटल सामग्री की साइबर फॉरेंसिक जांच कराई जाए। फिलहाल शिमला वेस्ट थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी है और डिजिटल साक्ष्यों को खंगाला जा रहा है। इस पूरे घटनाक्रम और एफआईआर दर्ज होने पर अब तक कंगना रनौत या उनकी टीम की तरफ से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
