Kal Ka Mausamm (कल का मौसम कैसा रहेगा): देश में प्रचंड गर्मी का दौर शुरू हो चुका है। तापमान कुलांचें भरते हुए 50 डिग्री की तरफ बढ़ रहा है। दिल्ली की ही बात करें तो आज यानी मंगलवार 22 अप्रैल को पारा रिज क्षेत्र में 42 डिग्री तक पहुंच गया है। जबकि ओडिशा, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में पारा हदें पार कर रहा है।
उत्तर भारत में हीट वेव का अलर्ट, पूर्वोत्तर में झूमकर बरसेंगे बादल
तापमान का हाल
ओडिशा के झरसागुड़ा में कल यानी सोमवार 21 अप्रैल को अधिकतम तापमान 45 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। विदर्भ के ब्रह्मपुरी में भी तापमान 45 डिग्री रहा, जबकि चंद्रपुर में सबसे ज्यादा 45.6 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा मध्य प्रदेश के सिधि और विदर्भ के अमरावती में पारा 44.6 डिग्री रहा। यूपी के फुर्सतगंज में 43.4 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया हुआ। मौसम विभाग के अनुसार उत्तर और पश्चिमी भारत में अगले 5 दिनों में अधिकतम तापमान में 2-3 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है। मध्य भारत में भी अगले दो दिन में अधिकतम तापमान 2 डिग्री और बढ़ सकता है। पश्चिमी और पूर्वी भारत में अगले 3-4 दिनों में पारा 3 से 5 डिग्री तक बढ़ सकता है।
पिछले 24 घंटे में जम्मू क्षेत्र के साथ ही हिमाचल, उत्तराखंड, पंजाब, पूर्वी उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, ओडिशा, पूर्वोत्तर भारत और प्रायद्वीपीय भारत में गरज और बिजली के साथ तेज हवाएं चलीं। जबकि जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तर-पश्चिमी उत्तर प्रदेश, उत्तरी पंजाब और तेलंगाना के कुछ इलाकों में ओले गिरने की भी सूचना मिली है। जबकि सिक्किम, असम, मेघालय और त्रिपुरा में भारी बारिश देखने को मिली है।
यहां आज होगी भारी बारिश
बात करें आज के मौसम की तो आज यानी मंगलवार 22 अप्रैल को असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में गरज के साथ बिजली गिरने की संभावना है। इसके अलावा इन राज्यों में हवा की रफ्तार 40-50 किमी प्रति घंटे से बढ़कर 60 किमी प्रति घंटा हो सकती है। यही नहीं उत्तर-पूर्वी भारत के इन राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश की भी संभावना मौसम विभाग ने जतायी है। पाकिस्तान और जम्मू के क्षेत्र में एक पश्चिमी विक्षोभ बना हुआ है, जिसकी वजह से जम्मू-कश्मीर में आज हल्की बारिश हो सकती है। हालांकि, यह वेस्टर्न डिस्टर्बेंस काफी कमजोर है, इसका कोई ज्यादा असर देखने को नहीं मिलेगा। हालांकि, पूर्वोत्तर में 27 अप्रैल तक भारी से बहुत भारी बारिश का दौर जारी रहेगा।
हीट वेव का अलर्ट
आज तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, केरल, तटीय महाराष्ट्र और गुजरात में उमस भरी गर्मी रहने का अनुमान IMD ने जताया है। उत्तर प्रदेश, पूर्वी मध्य प्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़, तेलंगाना, बिहार और ओडिशा में हीट वेव का अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा बिहार, ओडिशा और पूर्वी उत्तर प्रदेश में वॉर्म नाइट की भी चेतावनी दी गई है। बड़ी बात ये है कि आगामी 28 अप्रैल तक मध्य भारत और 26 अप्रैल तक पूर्वी भारत में हीटवेव की स्थिति बनी रहेगी।
कल का मौसम
कल यानी बुधवार 23 अप्रैल को बिहार, गंगीय पश्चिम बंगाल के साथ ही ओडिशा में वॉर्म नाइट की चेतावनी दी गई है। IMD के अनुसार गुजरात, कोंकण और गोवा, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा, रायलसीमा, तटीय आंध्र प्रदेश, झारखंड, तमिलनाडु, पुड्डुचेरी और कराईकल में उमस भरी गर्मी की चेतावनी दी है।
कल यहां हीट वेव का प्रकोप
मौसम विभाग ने पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार, ओडिशा और विदर्भ क्षेत्र के लिए कल यानी बुधवार 23 अप्रैल को हीट वेव का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। ऐसे में आपको सलाह दी जाती है कि जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलें और ज्यादा से ज्यादा पानी पिएं। पश्चिमी उत्तर प्रदेश, पूर्वी मध्य प्रदेश, झारखंड, गंगीय पश्चिम बंगाल, तेलंगाना और छत्तीसगढ़ के लिए भी हीटवेव का येलो अलर्ट जारी हुआ है।
