शहर

आज का मौसम : 9, 10, 11 जुलाई को आएगा आंधी-तूफान, धुआंधार बारिश संग होगा वज्रपात; ओलावृष्टि से रहें सावधान

Aaj Ka Mausam, 09 जुलाई 2025, कल का मौसम कैसा रहेगा, Aaj Aur Kal ka Mausam kaisa Rahega: आषाढ़ के आखिरी दिनों में बादल मेहरबान हो सकते हैं। यानी इस सप्ताह बारिश अपने शबाब पर आ सकती है। मौसम विभाग ने 9, 10 और 11 जुलाई को यूपी-एमपी, बिहार, झारखंड, दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा-पंजाब समेत राजस्थान में तेज मौसमी गतिविधियां होने और हिमाचल प्रदेश एवं उत्तराखंड में बादल फटने के साथ भारी बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है। देशभर के पहाड़ी इलाकों में लैंडस्लाइड का अलर्ट है। अगर, मानसून की बात करें तो दक्षिण और पूर्वोत्तर भारत के हिस्सों में मूसलाधार बारिश का अनुमान है। इस दरम्यान कहीं-कहीं वज्रपात के साथ आंधी तूफान और बाढ़ का भी खतरा बना रहेगा।

Image

कल का मौसम (टाइम्स नाउ नवभारत)

Aaj Ka Mausam (कल का मौसम कैसा रहेगा) : मानसून के सक्रिय होने के बाद मौसम का मिजाज बदला था। लेकिन, पिछले सप्ताह से शुरू हुईं मानसूनी गतिविधियां धीरे-धीरे कम होने लगी हैं। वीकेंड के बाद एक बार फिर उमस और गर्मी से बेचैनी बढ़ रही है। हालांकि, मौसम विभाग ने इस सप्ताह वेदर एक्टिविटीज होने संकेत दिए हैं। आईएमडी के पूर्वानुमान के मुताबिक, अगले 24 घंटे के दौरान यानी कल 9 जुलाई को दिल्ली-एनसीआर, राजस्थान, हरियाणा-पंजाब, उत्तर प्रदेश और बिहार के विभिन्न हिस्सों में गरज चमक के साथ आंधी और बारिश की संभावना है। इस दौरान वज्रपात और ओलावृष्टि की चेतावनी भी जारी है। खासकर, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के साथ जम्मू-कश्मीर में 9, 10 और 11 जुलाई को भारी बारिश का अलर्ट है। यहां अत्यधिक वर्षा के कारण लैंडस्लाइड और अचानक बाढ़ का खतरा भी बना रहेगा। उधर, मुंबई, अहमदाबाद समेत पूरे महाराष्ट्र एवं गुजरात के साथ गोवा, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और झारखंड के अधिकतर इलाकों में मानसूनी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। स्काईमेट के हवाले से प्राप्त इनपुट के आधार पर दक्षिण भारत के कर्नाटक, तमिलनाडु, केरल, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में भारी बारिश का अनुमान है। वहीं, असम, मेघालय, सिक्किम और पश्चिम बंगाल समेत पूर्वोत्तर के अधिकतर भागों में तड़ित झंझा के साथ भारी बारिश के संकेत हैं।

शहर का नामन्यूनतम तापमानअधिकतम तापमान
दिल्ली 29 °C36 °C
मुंबई28 °C30 °C
पटना28 °C35 °C
जयपुर 27 °C32 °C
लखनऊ 27 °C37 °C
भोपाल 23 °C28 °C
शिमला 19 °C23 °C
देहरादून 23 °C28 °C
कश्मीर 12 °C19 °C
चेन्नई29 °C36 °C
चंडीगढ़ 26 °C33 °C

यूपी कल का मौसम

उत्तर प्रदेश में मानसून की सक्रियता थोड़ी कमजोर हुई है। अब धूप-छांव भरे मौसम के कारण उमस और चिपचिपी गर्मी परेशान कर रही है। हालांकि, मौसम विभाग ने अगले 8, 9, 10 और 11 जुलाई को यूपी के 10 जिलों में गरज चमक के साथ आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है। 52 जिलों में तड़ित झंझा के साथ आकाशीय बिजली गिरने और कुछ इलाकों में ओलावृष्टि की संभावना व्यक्त की गई है। इस दौरान पूर्वी यूपी बादलों के छाए रहने के साथ छिटपुट बूंदाबांदी के आसार हैं। हालांकि, इन इलाकों में अच्छी बारिश के संकेत नहीं हैं। सबसे अधिक बारिश आगरा, फिरोजाबाद, शाहजहांपुर, महोबा, झांसी, ललितपुर, लखीमपुर खीरी, जालौन और कानपुर के कुछ हिस्सों में होने की प्रबल गुंजाइश है।

दिल्ली में कल कैसा रहेगा मौसम

दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में बादलों की आवाजाही जारी है। सूरज बादलों के बीच लुकाछिपी का 'खेल' खेल रहा है। बारिश की आस लेकर बैठे दिल्लीवासियों के लिए मौसम विभाग ने खुशखबरी दी है। आईएमडी ने मंगलवार की रात से आंधी और बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग की मानें तो बुधवार को बादल छाए रहेंगे और कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की जाएगी। इस दौरान अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। कमोबेश इस सप्ताह इसी प्रकार का मौसम नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद के विभिन्न हिस्सों में देखा जाएगा। बारिश के असर पॉल्यूशन के स्तर में कमी आने के संकेत हैं।

बिहार का मानसून

बिहार में मौसम की चाल बदली बदली नजर आ रही है। बादलों की आवाजाही और सूरज की लुकाछिपी के साथ रुक-रुककर हो रही बारिश ने उमस बढ़ा दी है। हालांकि, मौसम विभाग ने 8 जिलों पूर्णिया, बांका, कटिहार, भागलपुर, नवादा, जमुई, मुंगेर और गया के लिए तेज हवाओं के साथ भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान ठनका (आकाशीय बिजली) गिरने की चेतावनी जारी की गई है। लिहाजा, खराब मौसम के दौरान लोगों को सुरक्षित स्थानों में शरण लेने के लिए आगाह किया गया है।

राजस्थान का मौसम

राजस्थान में दक्षिण पश्चिम मानसून कमजोर हुआ है, लेकिन सावन की शुरुआत से फिर जोर पकड़ने की संभावना है। आईएमडी ने 10 जुलाई से राज्य में फिर भारी बारिश की संभावना जताई है। अगले 9, 10, 11 और 12 जुलाई तक कोटा उदयपुर, बीकानेर, जयपुरस भरतपुर, जोधपुर, जयपुर और अजमेर में मेघ गर्जन के साथ कहीं भारी से अति भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान आकाशीय बिजली और निचले इलाकों में जलभराव यानी बाढ़ जैसा खतरा उत्पन्न हो सकता है। मौसम में उतार चढ़ाव के कारण उमस और गर्मी भी परेशान करेगी।

हिमाचल प्रदेश का मौसम कैसा है?

हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश जारी है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान कुल्लू, शिमला, चंबा, कांगड़ा, मंडी, सोलन और सिरमौर में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। आईएमडी ने अगले सोमवार तक अलग-अलग स्थानों आंधी-तूफान, बादल फटने और मूसलाधार बारिश का पूर्वानुमान जताया है। बादल फटने के दौरान भारी जनहानि हुई है। कई लोगों की मौत की खबर है।

पश्चिम बंगाल में मौसम

पूर्वोत्तर के अधिकतर राज्यों के साथ पश्चिम बंगाल में भी भारी बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने कोलकाता, हावड़ा शहर, पुरुलिया और झाड़ग्राम तूफान के साथ झमाझम बारिश का अलर्ट जारी किया है। बंगाल की खाड़ी के ऊपर बबने कम दबाव के कारण तूफानी मौसम के कारण मछुआरों को समुद्र किनारे जाने से परहेज करने को कहा है।

मध्य प्रदेश का मौसम कैसा है?

मध्य प्रदेश में भारी बारिश का दौर जारी है। राज्य के अधिकतर हिस्सों में गरज चमक के साथ मानसूनी वर्षा हो रही है, जिससे नदियों का जलस्तर बढ़ गया है। मौसम विभाग के अनुसार, बैतूल, छिंदवाड़ा, सिवनी, पांढुर्णा, मंडला, बालाघाट और नर्मदापुरम, सागर, नरसिंहपुर, दमोह, उमरिया, कटनी, पन्ना, छतरपुर, जबलपुर, डिंडौरी, सिहोर, हरदा, रीवा, सहडोल, जबलपुर और रायसेन में मूसलाधार बारिश की चेतावनी जारी की है। अत्यधिक बारिश के कारण राज्य के डैम फुल होने की कगार पर हैं, लिहाजा, कई बांधों के दरवाजे खोले जाने की बात कही जा रही है, जिससे आसपास के इलाकों और तटीय क्षेत्रों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article