Kal Ka Mausam (कल का मौसम कैसा रहेगा): भादों के महीने में भी मेघ झूम-झूमकर बरस रहे हैं। हालांकि कुछ इलाकों में इससे गर्मी और उमस को मात मिली है लेकिन हिमाचल, उत्तराखंड और महाराष्ट्र में भारी बारिश से हालात बेहद चिंताजनक बने हुए हैं। पिछले 24 घंटों के दौरान पूर्वी राजस्थान के कुछ इलाकों में अत्यधिक भारी वर्षा दर्ज की गई साथ ही कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी बरसात भी हुई। जम्मू और कश्मीर, पूर्वी मध्य प्रदेश, पंजाब, सौराष्ट्र और कच्छ, पूर्वी उत्तर प्रदेश तथा छत्तीसगढ़ के कुछ क्षेत्रों में बहुत भारी वर्षा दर्ज की गई है। वहीं, पश्चिमी मध्य प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, गुजरात, पश्चिमी राजस्थान, ओडिशा, झारखंड, उत्तराखंड, हरियाणा, बिहार और असम के कुछ स्थानों पर तेज बारिश दर्ज की गई।
कल का मौसम 25 अगस्त 2025
अगले 48 घंटों के भीतर ओडिशा और पश्चिम बंगाल के तटों के पास उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी पर एक नया निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। मौसम विभाग की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, गुजरात में 30 अगस्त तक और राजस्थान में 26 अगस्त तक भारी से बहुत भारी वर्षा होने की संभावना जताई गई है। इसके अतिरिक्त, 24 अगस्त 2025 को पूर्वी राजस्थान के कुछ हिस्सों में अत्यधिक भारी वर्षा की भी आशंका है। इसी दिन जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में भी कुछ स्थानों पर बहुत भारी वर्षा होने की संभावना है, जबकि उत्तराखंड में 24 और 25 अगस्त 2025 के दौरान भारी से बहुत भारी वर्षा होने की संभावना है। इसके अलावा, 26 अगस्त 2025 से पश्चिमी तटीय क्षेत्रों में वर्षा गतिविधियों में वृद्धि की संभावना व्यक्त की गई है। ऐसे में आइए जानते हैं कि कल यानी 25 अगस्त का मौसम कैसा रहने वाला है?
दिल्ली में कल मौसम कैसा रहेगा
दिल्ली में कल आसमान में बादल छाए रहेंगे और हल्की से मध्यम बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। अधिकतम तापमान 30 से 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 21 से 23 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है, जो सामान्य से 2 से 4 डिग्री कम रहेगा। सुबह के समय प्रमुख सतही हवाएं दक्षिण-पूर्वी दिशा से 10 से 15 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने की उम्मीद है। दोपहर में इन हवाओं की गति धीरे-धीरे बढ़कर लगभग 22 किमी प्रति घंटे तक हो सकती है, जबकि शाम और रात के समय हवाएं फिर से धीमी होकर 15 किमी प्रति घंटे से कम की रफ्तार से चलेंगी।
यूपी में कल के मौसम का हाल
उत्तर प्रदेश में बीते दो दिनों से हो रही झमाझम बारिश ने मौसम को सुहाना बना दिया है। मौसम विभाग ने राज्य में 25 अगस्त को भी भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। हालांकि इसके बाद कुछ दिनों तक बारिश की गतिविधियों में कमी आने की संभावना है, जिससे लोगों को फिर से उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ सकता है। लेकिन 29 अगस्त के आसपास मौसम दोबारा करवट लेगा और 29 व 30 अगस्त को राज्य में फिर से मूसलाधार बारिश होने के आसार हैं।
बिहार में कल का मौसम
बिहार में मॉनसून अब भी सक्रिय बना हुआ है। राजधानी पटना समेत राज्य के कई हिस्सों में लगातार बारिश हो रही है। सोमवार को पटना, गया, औरंगाबाद, भोजपुर, बक्सर, कैमूर, रोहतास, जहानाबाद, अरवल, नालंदा, शेखपुरा, लखीसराय, बेगूसराय, जमुई, मुंगेर, बांका, भागलपुर और खगड़िया सहित लगभग 20 जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। इसके बाद बारिश का यह सिलसिला कुछ दिनों के लिए कमजोर पड़ सकता है।
उत्तराखंड में भारी बारिश की आशंका
उत्तराखंड में इस बार की बारिश ने भारी तबाही मचाई है। गुरुवार को लगातार हो रही बारिश के कारण पहाड़ियों से मलबा और पत्थर गिरने से एक नदी का प्रवाह अवरुद्ध हो गया, जिससे एक अस्थायी झील बन गई। राज्य के पहाड़ी इलाकों में पिछले कई दिनों से भारी बारिश जारी है। मौसम विभाग ने 25 अगस्त को बागेश्वर, रुद्रप्रयाग, टेहरी और उत्तरकाशी जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश के साथ भूस्खलन की आशंका जताई है।
जम्मू में मौसम का कहर
जम्मू में इन दिनों मौसम का कहर जारी है। हर तरफ जन-जीवन अस्त-व्यस्त हो रखा है। भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए 25 अगस्त को जम्मू डिवीजन के सभी सरकारी और निजी स्कूलों को बंद रखने का निर्णय लिया गया है। मौसम विभाग ने 26 अगस्त तक क्षेत्र में तेज बारिश, बादल फटने, भूस्खलन और फ्लैश फ्लड की आशंका जताई है। इसी के मद्देनजर लोगों को नदी-नालों से दूर रहने और सतर्क रहने की एडवाइजरी जारी की गई है।
इन इलाकों में बाढ़ का खतरा
अगले 24 घंटों के दौरान कुछ मौसम उप-मंडलों के जलक्षेत्रों और आसपास के इलाकों में मध्यम बाढ़ की आशंका जताई गई है। जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के डोडा, जम्मू, कठुआ, कारगिल, लेह, किश्तवाड़, मीरपुर, रामबन, रियासी, राजौरी, सांबा और उधमपुर जिलों में बाढ़ का खतरा बना हुआ है। इसी तरह, हिमाचल प्रदेश के चंबा, कांगड़ा, लाहौल-स्पीति, मंडी, कुल्लू, शिमला और सिरमौर जिलों में भी मध्यम बाढ़ की संभावना है। उत्तराखंड के अल्मोड़ा, बागेश्वर, चमोली, चंपावत, नैनीताल, पौड़ी गढ़वाल, पिथौरागढ़, रुद्रप्रयाग, टेहरी गढ़वाल और उत्तरकाशी जिलों में भी स्थिति संवेदनशील बनी हुई है। लोगों को सतर्क रहने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है।
