Kal Ka Mausam (कल का मौसम कैसा रहेगा): कल कैसा मौसम रहेगा? इस बारे में जानने के लिए आज की मौसम की गतिविधियों को बारीकी से समझना जरूरी है। कल यानी 14 जनवरी को मौसम की चाल कैसी रहेगी? मंगलवार को किन इलाकों में बारिश और बर्फबारी की संभावना है और कहां कोल्ड डे रहेगा? देश के किन इलाकों में कोहरे का सितम झेलना होगा और कहां पर ठंड का प्रकोप प्रचंड रहेगा। कल यानी मंगलवार 14 जनवरी को मकर सक्रांति (Makar Sankranti) है और इस दिन पवित्र नदियों में स्नान का महत्व है। प्रयागराज में शुरू हो चुके महा कुम्भ (Mahakumbh 2025) में भी पहला बड़ा स्नान कल यानी मंगलवार 14 जनवरी को ही है। ऐसे में सुबह के समय ठंड कितनी पड़ेगी और कोहरा कितना परेशान करेगा इस बारे में अभी से जान लेना ठीक रहेगा।
कल कहां, कैसा रहेगा मौसम
कल का मौसम कैसा रहेगा
आज यानी लोहड़ी के दिन सुबह राजस्थान, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में कोहरा देखने को मिला। श्री गंगानगर, पिलानी, अमृतसर, हिसार, भिवानी, हरदोई, फुर्सतगंज, प्रयागराज, जैसलमेर, करनाल और फलोदी में घने कोहरे के कारण विजिब्लिटी शून्य रही। जबकि उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में 200 मीटर तक की विजिब्लिटी देखने को मिली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के तापमान में मामूली बढ़ोतरी देखने को मिली। हालांकि, दिल्ली वासी अब भी ठंड से राहत महसूस नहीं कर रहे हैं। सुबह दिल्ली के रिज इलाके में सबसे कम तापमान 8.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिन में धूप निकलने पर दिल्ली-एनसीआर के लोगों ने राहत की सांस ली। शनिवार को बारिश और रविवार को दिनभर सूरज नहीं निकलने से दिल्ली-एनसीआर के लोग प्रचंड ठंड महसूस कर रहे थे। आज यानी सोमवार 13 जनवरी को सूरज निकलने पर क्षेत्र के लोगों ने कुछ गर्माहट महसूस की। पूर्वी और पश्चिमी राजस्थान में आज कोल्ड डे देखने को मिला। हिमाचल प्रदेश में भी शीत लहर ने लोगों की परेशानियां बढ़ा दीं।
ये भी पढ़ें - ये हैं देश के 10 सबसे सुस्त शहर, 3 तो दुनिया के टॉप पांच ट्रैफिक जाम वाली Cities में शामिल
थंडरस्टॉर्म और कोहरे का अटैक
उत्तर-पूर्वी राज्यों के साथ ही तमिलनाडु और केरल में अगले 24 घंटे के दौरान थंडर स्टॉर्म की चेतावनी दी गई है। पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, समूचे उत्तर प्रदेश, दिल्ली और एनसीआर में आज रात और कल सुबह भी कोहरे की चेतावनी मौसम विभाग की तरफ से दी गई है। इसकी अलावा पंजाब, हरियाणा और पश्चिमी राजस्थान में कोल्ड डे की चेतावनी भी दी गई है। यानी पंजाब, हरियाणा और पश्चिमी राजस्थान में लोगों को दिन में भी कंपकंपाती ठंड परेशान करेगी। मौसम विभाग का कहना है कि अगले 6-7 दिन तक उत्तर-पश्चिमी भारत में घने कोहरे से राहत मिलने के आसार नहीं हैं।
बारिश की चेतावनी
IMD के अनुसार कल यानी 14 जनवरी की रात को एक और पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) एक्टिव हो रहा है। इस वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के कारण 14 जनवरी की देर रात से 17 जनवरी तक पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और उत्तर प्रदेश के साथ दिल्ली-एनसीआर के मैदानी इलाकों में बारिश हो सकती है। इसके अलावा उत्तर भारत के पहाड़ी इलाकों में बारिश व बर्फबारी की भी संभावना है। केरल में भी 14 से 16 जनवरी तक बारिश की चेतावनी दी गई है। तमिलनाडु में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। इसके अलावा तटीय आंध्र प्रदेश और कर्नाटक के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है।
तापमान लगाएगा गोता, बढ़ेगी ठंड
मौसम विभाग यानी IMD ने रविवार को ही अपने बुलेटिन में कहा था कि अगले 48 घंटे में उत्तर पश्चिम भारत और मध्य भारत में न्यूनतम तापमान में 2-3 डिग्री की गिरावट आ सकती है। गुजरात, महाराष्ट्र और आसपास के इलाकों में मंगलवार को न्यूनतम तापमान में 2-3 डिग्री कि गिरावट आ सकती है। यानी मंगलवार 14 जनवरी को भी ठंड से राहत मिलने की कोई उम्मीद नहीं है। हालांकि, 15 जनवरी से तापमान में कुछ बढ़ोतरी होने की उम्मीद है। हालांकि, पूर्वी भारत में लोगों को मकर संक्रांति के अवसर पर ठंड से कुछ राहत जरूर मिल सकती है, क्योंकि IMD के अनुसार न्यूनतम तापमान में 2-3 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है। यह राहत क्षणिक है, क्योंकि 15 जनवरी से फिर तापमान में 2-3 डिग्री की गिरावट देखने को मिल सकती है।
प्रयागराज में मौसम कल का मौसम कैसा रहेगा
प्रयागराज में आज यानी 13 जनवरी से महाकुम्भ मेला शुरू हो गया है। संगम नगरी में आज न्यूनतम तापमान 10 डिग्री के आसपास रहा और क्षेत्र में कई जगह देर रात और सुबह के समय घना कोहरा रहने की संभावना जतायी गई है। जिससे विजिब्लिटी 50 से 200 मीटर तक रह सकती है। कल यानी मंगलवार 14 जनवरी को मकर सक्रांति के अवसर पर महाकुम्भ का पहला बड़ा स्नान (शाही स्नान) है। मंगलवार को प्रयागराज में न्यूनतम तापमान 9 डिग्री तक रह सकता है। सुबह और देर रात को घना कोहरा होने से विजिब्लिटी 50-200 मीटर तक रह सकती है। बुधवार 15 जनवरी और गुरुवार 16 जनवरी को भी मौसम और तापमान मंगलवार 14 जनवरी की ही तरह रहने की संभावना है।यहां माइनस 22.5 डिग्री तापमान
उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में फिलहाल ठंड से राहत मिलने की कोई उम्मीद नहीं है। अमृतसर में सोमवार को न्यूनतम तापमान 4.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बिहार के डेहरी में 5 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया, जो साधारण से तीन डिग्री कम रहा। पहाड़ी इलाकों में ठंड का एक अलग ही रूप देखने को मिल रहा है। कई पहाड़ी इलाकों में तो कई दिनों से तापमान लगातार माइनस से कई डिग्री नीचे बना हुआ है। लद्दाख के द्रास में 13 जनवरी को माइनस 22.4 डिग्री तापमान रिकॉर्ड हुआ। लद्दाख के ही पदम में -20.2 डिग्री, लद्दाख के न्योमा में -18 डिग्री, कारगिल में -12.7, लद्दाख के स्कर्दू में -10.6, लेह में -9, दिस्कित में -8.6 और जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में -8.4 डिग्री तापमान रिकॉर्ड हुआ।
