कल का मौसम कैसा रहेगा : पहाड़ों से लेकर मैदानी इलाकों तक बादलों का डेरा है। मौसम विभाग ने अगले कई दिनों तक मॉनसूनी बारिश के जारी रहने के संकेत दिए हैं। पहाड़ों पर उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के ऊपरी और मैदानी हिस्सों पर तेज आंधी के साथ बारिश और ओलावृष्टि की गतिविधियां होने का खतरा जताया गया है। भारी बारिश के चलते कई हिस्सों पर भूस्खलन का अलर्ट घोषित है। इधर, यूपी, बिहार, राजस्थान, हरियाणा, पंजाब और दिल्ली-एनसीआर में गुरुवार, शुक्रवार और वीकेंड तक लगातार रुक-रुककर बादलों के बरसने की संभावना व्यक्त की जा रही है। पानी बरसने से किसान खरीफ की फसले बोने की तैयारी कर सकेंगे। स्काईमेट ने महाराष्ट्र, गुजरात और गोवा में भारी बारिश की चेतावनी जारी रखी है। उधर, दक्षिण भारत और पूर्वोत्तर के राज्यों में समुद्री हवाओं के बीच मध्यम से भारी बारिश का पूर्वानुमान है। भारी बारिश के कारण नदियों के जलस्तर में बढ़ोतरी की चेतावनी है।
कल का मौसम कैसा रहेगा
यूपी में कैसा है मौसम
उत्तर प्रदेश में लंबे इंतजार के बाद अब मानसून रफ्तार पकड़ रहा है। भारतीय मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 8 और 9 जुलाई को कई जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है। इस 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और बिजली गिरने की संभावना है। आईएमडी ने 68 जिलों में बड़ा अलर्ट जारी किया है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश नोएडा, गाजियाबाद, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बुलंदशहर, हापुड़, बिजनौर, अमरोहा, संभल, मुरादाबाद, रामपुर, संभल, मुरादाबाद, रामपुर, हरदोई, सीतापुर, श्रावस्ती, बहराइच, बलरामपुर, गोंडा, अयोध्या, फर्रुखाबाद, मैनपुरी, इटावा, जालौन, झांसी और ललितपुर में भारी बारिश हो सकती है, जबकि आगरा, मथुरा, हाथरस, अलीगढ़, एटा, फिरोजाबाद, बदायूं, कासगंज, बरेली, शाहजहांपुर, पीलीभीत और लखीमपुर खीरी में अत्यधिक बारिश का अलर्ट है। लेकिन कानपुर, कानपुर देहात, कन्नौज, औरैया, उन्नाव, रायबरेली, अंबेडकरनगर, सिद्धार्थनगर, अमेठी,बाराबंकी, महाराजगंज, संतकबीर नगर, गोरखपुर, आजमगढ़, बलिया, जौनपुर, हमीरपुर, महोबा, फतेहपुर, कौशांबी, बांदा, चित्रकूट, प्रयागराज, प्रतापगढ़, देवरिया और कुशीनगर में हल्की बारिश की चेतावनी है।
दिल्ली-एनसीआर में कल का मौसम
दिल्ली-एनसीआर में पिछले 48 घंटों से आसमान बादलों से ढके हैं और कुछ हिस्सों में बारिश से मौसम काफी सुहावना हो गया है। आईएमडी ने इस पूरे सप्ताह गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। अगले कुछ घंटों के दौरान दिल्ली के कई इलाकों में हल्की से बादलों के गरजने, बिजली चमकने और 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के साथ मध्यम बारिश होने की संभावना व्यक्त की गई है। फिलहाल, मौसमी गतिविधियां होने से न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। फिलहाल, बारिश के कारण प्रदूषण के स्तर पर बड़ी गिरावट रिकॉर्ड की जा रही है।
राजस्थान में दक्षिण पश्चिम मानसून
राजस्थान में दक्षिण पश्चिम मानसून सक्रिय है, जिसके प्रभाव से कई जिलों में भारी बारिश दर्ज की जा रही है। आईएमडी के अनुसार, राज्य में बारिश का दौर अभी कुछ दिन जारी रहेगा। जयपुर मौसम केंद्र के अनुसार, पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में कई स्थानों पर बादलों की गरज एवं बिजली की चमक के साथ तेज हवाएं चलीं और हल्की से मध्यम और कहीं कहीं पर भारी बारिश हुई। सबसे अधिक 96.0 मिलीमीटर बारिश रामगंज मंडी (कोटा) में हुई। मौसम केंद्र के अनुसार राज्य के दक्षिण-पश्चिम भागों में मानसून और आगे बढ़ा है। आगामी दो दिनों में बीकानेर संभाग व शेष भागों में मानसून के आगे बढ़ने की पूरी उम्मीद है। गुरुवार को दक्षिण-पूर्वी व पूर्वी राजस्थान के उदयपुर, कोटा संभाग व आसपास के क्षेत्र में कहीं-कहीं अतिभारी बारिश होने का अनुमान है। हालांकि 10 जुलाई से राज्य में भारी बारिश की गतिविधियों में कमी आएगी। जोधपुर, बीकानेर संभाग के कुछ भागों में आगामी दिनों में हल्की से मध्यम बारिश होने व एक दो स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है।
मुंबई में बारिश का अलर्ट
महाराष्ट्र के कई जिलों में भारी बारिश का दौर जारी है। तेज बारिश के कारण नदियों का जलस्तर तेजी के साथ बढ़ रहा है। पुणे समेत मुंबई में बारिश से जनजीवन अस्त व्यस्त है और कई जगहों पर जल भराव से बड़ी समस्या का सामना करना पड़ रहा है। उधर, मुंबई में भारी बारिश का दौर जारी है। आईएमडी ने मुंबई और उपनगरों में दिनभर बादल छाए रहने तथा रुक-रुककर हल्की से मध्यम बारिश का पूर्वानुमान जताया है।
हिमाचल प्रदेश में कैसा है मौसम
हिमाचल प्रदेश में मॉनसूनी बारिश का दौर जारी है और कई जगहों पर बाढ़ और लैंडस्लाइड का खतरा जताया जा रहा है। आईएमडी के मुताबिक, रामपुर उप मंडल के कुछ हिस्सों में अचानक आई बाढ़ से सड़क संपर्क बाधित हो गया। जलस्तर बढ़ने की वजह से गानवी खड्ड नाले पर बना एक अस्थायी पुल क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे क्याओ और कुट पंचायतों को जोड़ने वाली सड़कें बाधित हो गईं और स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग ने बताया कि सिरमौर, धर्मशाला, पालमपुर, सुंदरनगर और बिलासपुर में अच्छी खासी बारिश दर्ज की गई। अगले कुछ घंटों तक ऊचाई वाले भागों पर तेज बारिश का पूर्वानुमान है।
उत्तराखंड में कैसा रहेगा मौसम
उत्तराखंड में देहरादून समेत पांच जिलों में गुरुवार को भारी से बहुत भारी स्तर की बारिश होने का ’ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया गया है। देहरादून मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, नैनीताल में 33.5 मिलीमीटर (मिमी), कालाढूंगी में 30, डंगोली में 28.5 मिमी, भीमताल में 27.5 मिमी, नरेंद्रनगर में 27 मिमी, पौड़ी में 26.5 मिमी, चोरगलिया में 25.5 मिमी, कौसानी में 24 मिमी, देवप्रयाग में 21 मिमी, कोश्याकुटोली में 20.5 मिमी, जागेश्वर में 19.5 मिमी, चंबा में 19 मिमी, नयी टिहरी में 17.5 मिमी और रानीचौरी में 17 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा, अनेक अन्य जगहों पर हल्की बारिश हुई। प्रदेश में अधिकांश स्थानों पर दिन का अधिकतम तापमान सामान्य या सामान्य से कम दर्ज किया गया। देहरादून मेंधिकतम तापमान 28.8 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस कम है। मुक्तेश्वर और नयी टिहरी में अधिकतम तापमान 17.6 और 21.4 रहा, जो सामान्य से पांच-पांच डिग्री कम है । मौसम केंद्र ने बृहस्पतिवार को देहरादून, हरिद्वार, उधमसिंह नगर, नैनीताल एवं चंपावत जिलों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश होने का पूर्वानुमान जताते हुए ’ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है।
पश्चिम बंगाल में बारिश का अलर्ट
पश्चिम बंगाल के उप-हिमालयी जिलों में अगले दो दिनों तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। हालांकि, 13 जुलाई तक कई जिलों में लगातार भारी बारिश होने की संभावना व्यक्त की गई है। मौसम विभाग ने बताया कि इस दौरान दार्जिलिंग और कालिम्पोंग के पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन का खतरा बढ़ सकता है, जबकि मैदानी इलाकों के निचले हिस्सों में जलभराव की स्थिति पैदा हो सकती है। IMD के मुताबिक, शुक्रवार सुबह तक दार्जिलिंग, कालिम्पोंग, अलीपुरद्वार, जलपाईगुड़ी और कूचबिहार जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है।
पश्चिमी घाट में कैसा रहेगा मौसम
दक्षिण भारत के अधिकांश हिस्से दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के कारण अत्यधिक वर्षा का दौर जारी है। आईएमडी ने समुद्री हिस्सों पर इसका अधिक असर देखने को मिल रहा है। खासकर, केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, अंडमान निकोबार द्वीप समूह और लक्ष्यद्वीप में तेज तूफानी हवाओं के साथ भारी बारिश का अलर्ट घोषित है। मौसम विभाग ने तमिलनाडु के पश्चिमी घाट से जुड़े जिलों में अगले दो दिनों तक मध्यम बारिश होने का अनुमान जताया है। कई स्थानों पर गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाओं के साथ बारिश का पूर्वानुमान है। यह मौसम बदलाव दक्षिणी गुजरात से लेकर मध्य केरल तक फैले निम्न दबाव (लो-प्रेशर) के ट्रफ के कारण हो रहा है। इसी मौसम प्रणाली की वजह से पश्चिमी घाट के इलाकों में अगले 48 घंटे तक मौसम अस्थिर बना रहेगा और एक-दो स्थानों पर मध्यम बारिश के साथ तेज सतही हवाएं चल सकती हैं। आईएमडी ने यह भी तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य से 2 से 3 डिग्री सेल्सियस अधिक रह सकता है। अधिक तापमान और हवा में नमी बढ़ने से विशेष रूप से तटीय और मैदानी इलाकों में लोगों को उमस भरे मौसम का सामना करना पड़ सकता है।
