शहर

अगले 48 घंटे आंधी-बारिश का पूर्वानुमान, 20 राज्यों में ओले-वज्रपात; गर्मी-लू रहेगी शांत

उत्तर भारत में अगले 2 दिन तक पश्चिमी विक्षोभ के असर से तेज धूल भरी आंधी, मेघ गर्जन के साथ झमाझम बारिश की संभावना है। मौसमी गतिविधियों के कारण तापमान में बड़ी गिरावट से गर्मी और लू से काफी राहत रहेगी। पहाड़ों पर भी बारिश, बर्फबारी और ओलावृष्टि से वातावरण खुशनुमा और सर्द हो गया है। मौसम विभाग ने बुधवार-गुरुवार को दक्षिण भारत और पूर्वोत्तर के अधिकांश राज्यों में साइक्लोनिक सर्कुलेशन के असर से तूफान आने और भारी से भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। आइये जानते हैं विभिन्न राज्यों में मौसम कैसा रहेगा?

Image

अगले 48 घंटे आंधी-बारिश का पूर्वानुमान, 20 राज्यों में ओले-वज्रपात; गर्मी-लू रहेगी शांत

आईएमडी ने देश के अधिकांश राज्यों में मौसम में परिवर्तन के संकेत दिए हैं। अगले कई दिनों तक भीषण गर्मी और लू की गतिविधियां शांत रहने का अनुमान जताया गया है। इसका कारण है कि कश्मीर से लेकर आखिरी छोर कन्याकुमारी तक अलग-अलग मौसमी तंत्र की सक्रियता। मौसम विभाग ने बताया कि एक पश्चिमी विक्षोभ पहाड़ों पर दस्तक दे चुका है, जिसके प्रभाव से अगले 48 घंटे तक जम्मू-कश्मीर, लेह, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के पर्वतीय हिस्सों पर तेज हवाएं, गरज-चमक के साथ बारिश, बर्फबारी और ओलावृष्टि का खतरा बना रहेगा। 5 और 6 मई को दिल्ली, राजस्थान, हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश, बिहार और मध्य प्रदेश के अधिकांश जिलों में बादलों की आवाजाही रहेगी और तेज आंधी के साथ झमाझम बारिश से मौसम सुहावना रहेगा। इस दौरान आकाशीय बिजली और ओले गिरने की चेतावनी है। हालांकि, तापमान में करीब पांच से छह डिग्री सेल्सियस की कमी आएगी, जिससे तपिश से राहत रहेगी। स्काईमेट ने समूचे पूर्वोत्तर भारत में चक्रवाती परिसंचरण और प्री मानसूनी गतिविधियां जारी रहेंगी। कमोबेश दक्षिण भारत के तटीय हिस्सों केरल, कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु में तूफान आने और मूसलाधार बारिश का अलर्ट जारी रखा गया है, जबकि महाराष्ट्र और गुजरात में मौसम का आंशिक असर ही रहेगा।

यूपी में आंधी-बारिश होगी क्या

उत्तर प्रदेश में पिछले 24 घंटे के दौरान तेज आंधी और बारिश से मौसम पूरी तरह से बदल गया है। कई जिलों में तेज पानी गिरने से तापमान में कई डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। खासकर, लू से झुलस रहे बुंदेलखंड में करीब 8 से 9 डिग्री पारा गिरा है, जिससे लोग राहत महसूस कर रहे हैं। मौसम विभाग ने अगले 2 दिन यानी बुधवार और गुरुवार को लेकर बड़ा पूर्वानुमान जारी किया है। इस दौरान राजधानी लखनऊ समेत उन्नाव, सीतापुर, खीरी, हरदोई, अमेठी, गाजीपुर, गोरखपुर, रायबरेली, प्रतापगढ़, फतेहपुर, कानपुर, कानपुर देहात, बाराबंकी, अलीगढ़, आगरा, मथुरा, नोएडा, गाजियाबाद और पश्चिमी यूपी के साथ करीब 40 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान कई स्थानों पर आकाशीय बिजली गिरने और ओलावृष्टि होने का खतरा जताया गया है। लिहाजा, खराब मौसम के दौरान लोगों को सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है।

बिहार में बारिश कब तक होगी

बिहार में पिछले कई घंटों से मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। कई जिलों में तेज आंधी और बारिश से मौसम काफी सुहावना हो गया है तो कई जगहों पर पेड़ उखड़ने और आकाशीय बिजली गिरने से जनहानि हुई है। मौसम विभाग का मानना है कि अगले 24 घंटे के दौरान बक्सर, भोजपुर, रोहतास, कैमूर, औरंगाबाद, अरवल, जमुई, बांका, भागलपुर, खगड़िया, किशनगंज, पूर्णिया, अररिया, मधेपुरा, सुपौल और सहरसा में 40 से 50 किलोमीटर की रफ्तार वाली हवाएं चलेंगी और मेघ गर्जन के साथ झमाझम बारिश होगी। इस दौरान ठनका (आकाशीय बिजली) और ओले गिरने की चेतावनी है।

दिल्ली-एनसीआर में कल का मौसम

दिल्ली-एनसीआर में बादलों की आवाजाही जारी है और पिछले 24 घंटे के दौरान रुक-रुक कर तेज हवाओं के साथ बारिश हुई, जिससे मौसम सुहावना हो गया है और लोगों को गर्मी से बड़ी राहत मिली है। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटे के दौरान समूचे एनसीआर में आंशिक तौर पर बादल छाए रहने और आकाशीय बिजली कड़कने के साथ बारिश की संभावना जताई है। मौसम में परिवर्तन से अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 21 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। पानी बरसने और हवाओं की गति तेज होने से हवा की क्वालिटी में बड़ा सुधार देखा जा रहा है। एक्यूआई गिरकर 100 से नीचे पहुंच गया है, जो संतोषजनक श्रेणी में आता है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आकंड़ों के मुताबिक, एक्यूआई 0 से 50 के बीच अच्छा, 51 से 100 के बीच संतोषजनक, 101 से 200 के बीच मध्यम, 201 से 300 के बीच खराब, 301 से 400 के बीच बहुत खराब और 401 से 500 के बीच गंभीर माना जाता है।

राजस्थान में बारिश का मौसम

राजस्थान में पिछले कई घंटे से रुक-रुक कर आंधी और बारिश का सिलसिला जारी है। पिछले 24 घंटे के दौरान हुई बारिश से तापमान में गिरावट आई और लोगों ने गर्मी से राहत पाई है। जयपुर मौसम केंद्र के मुताबिक, बुधवार तक कई जिलों में तेज हवाओं के साथ बादल बरस सकते हैं। इस दौरान ओले गिरने और वज्रपात का खतरा बना रहेगा। हालांकि, बाड़मेर, जोधपुर, जैसलमेर, बीकानेर और फलौदी में सर्वाधिक तापमान 40 से 41 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है। हालांकि, जयपुर में यह 33 डिग्री है। आईएमडी ने आने वाले दिनों में आंशिक तौर पर बादल छाए रहने और बारिश की संभावना व्यक्त की है।

हरियाणा में आज मौसम कैसा रहेगा

हरियाणा में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस का बड़ा असर दिखाई दे रहा है। राज्य के कई हिस्सों पर पिछले 24 घंटे से मौसम में उतार-चढ़ाव देखा जा रहा है। धूप-छांव के बीच कई जिलों आंधी और बारिश की गतिविधियां होने से अधिकतम तापमान गिरकर 30 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले 48 घंटे के दौरान कुरुक्षेत्र, फतेहाबाद, कैथल, जींद, सिरसा, अंबाला, गुरुग्राम, फरीदाबाद समेत कई जिलों में 70 की स्पीड से आंधी चल सकती है और बादलों की गड़गड़ाहट के साथ तेज बारिश और ओलावृष्टि हो सकती है। कई स्थानों पर वज्रपात की संभावना है। मौसम के बदलने से गर्मी से राहत मिल रही है।

पंजाब में बारिश होगी क्या

पंजाब में मौसम पूरी तरह से बदला हुआ है, जिससे बढ़ती गर्मी पर ब्रेक लग गया है। मौसम विभाग ने 5 और 6 मई को राज्य के 14 जिलों में मौसमी गतिविधियां होने का पूर्वानुमान जताया है। खासकर, पठानकोट, होशियारपुर, नवांशहर, फतेहगढ़ साहिब, मोहाली गुरदासपुर, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, संगरूर, रूपनगर और पटियाला में आंधी और बारिश के साथ ओले गिरने और वज्रपात का अलर्ट है।

उत्तराखंड में कैसा है मौसम

उत्तराखंड में मंगलवार को अचानक मौसम बदल गया है और कई स्थानों पर अच्छी खासी बारिश रिकॉर्ड की जा रही है। मौसम विभाग ने बताया कि विक्षोभ के प्रभाव से अगले कई दिनों तक राज्य के पर्वतीय जिलों के साथ कुछ मैदानी भागों पर भी मौसम बदला रहेगा। इस दौरान उत्तरकाशी, चमोली, बागेश्वर, रूद्रप्रयाग में पिथौरागढ़ में बारिश के साथ बर्फबारी होगी। उधर, नैनीताल, देहरादून, पौड़ी, टिहरी, चंपावत और ऊधमसिंह नगर में तेज बादलों की गरज-चमक के साथ 50 किलोमीटर की रफ्तार वाली हवाएं चलेंगी और बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरने और ओलावृष्टि का अनुमान है।

6 मई (बुधवार) का तापमान

शहर का नामन्यूनतम तापमानअधिकतम तापमान
दिल्ली21°C32°C
चंडीगढ़20°C30°C
जयपुर23°C34°C
भोपाल24°C36°C
मुंबई29°C35°C
चेन्नई29°C35°C
बेंगलुरु23°C33°C
रांची20°C29°C
कोलकाता26°C32°C
पटना24°C31°C
लखनऊ22°C29°C
देहरादून16°C26°C
शिमला12°C20°C
कश्मीर4°C12°C

हिमाचल प्रदेश में मौसम कैसा रहेगा

हिमाचल प्रदेश में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस का बड़ा असर दिखाई दे रहा है। पिछले कई दिनों से रुक-रुक कर मौसमी गतिविधियां जारी हैं, जिससे तापमान में बड़ी कमी आई है और कई स्थानों पर लोगों को गर्मी में सर्दी का एहसास हो रहा है। शिमला मौसम विज्ञान का पूर्वानुमान है कि पांच और छह मई कुल्लू, चंबा, मंडी, कांगड़ा, सिरमौर समेत कई जिलों के पर्वतीय हिस्सों समेत मैदानी भागों पर भी घने बादल छाए रह सकते हैं और तेज आंधी के साथ बारिश और ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट है। कई स्थानों पर आकाशीय बिजली गिरने का खतरा जताया गया है। हालांकि, 7 और 9 मई को विक्षोभ का असर कम होगा, लेकिन उसके बाद फिर प्रदेश के अधिकांश भागों पर अच्छी बारिश होगी।

जम्मू-कश्मीर में कैसा है मौसम

मौसम विभाग ने बताया कि जम्मू-कश्मीर की घाटी समेत कई अन्य मैदानी हिस्सों पर पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के असर बना हुआ है, जिससे आंधी-बारिश और बर्फबारी की गतिविधियां रुक-रुक कर जारी हैं। पीर पंजाब में बारिश के बर्फबारी से तापमान में कई डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है, जिससे लोगों को मई में कड़ाके की सर्दी का एहसास हो रहा है। उधर, श्रीनगर में न्यूनतम तापमान गिरकर 5 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच गया है। आईएमडी ने इस पूरे सप्ताह राज्य में मौसम खराब रहने के संकेत दिए हैं।

तमिलनाडु-केरल में आंधी-बारिश

दक्षिण भारत में साइक्लोनिक सर्कुलेशन (Cyclonic circulation) के कारण बन रहे लो प्रेशर एरिया के कारण तटीय भागों पर तूफानी हवाएं चलने के साथ बारिश जारी है, जिससे हीटवेव से राहत है। स्काईमेट ने बताया कि अगले 2 दिन तक तेलंगाना, आंध्र प्रदेश रायलसीमा, आंतरिक कर्नाटक, तमिलनाडु और केरल के सीमावर्ती हिस्सों पर तेज बारिश की संभावना है। उधर, बेंगलुरु में भी 5 और 6 मई को अच्छी खासी बारिश के आसार हैं, जिससे तापमान में कमी आएगी और लोगों को गर्मी से काफी राहत रहेगी। फिलहाल, 10 मई तक भीषण गर्मी और लू से बचाव रहेगा। उधर, महाराष्ट्र और गुजरात में बढ़ती गर्मी के बीच आंशिक तौर पर बादलों की आवाजाही रहेगी और कहीं-कहीं बूंदाबांदी या बारिश हो सकती है।

असम-सिक्किम में बारिश

पूर्वोत्तर भारत में पिछले 15 दिनों से प्री मानसून की गतिविधियां जारी हैं। स्काईमेट के मुताबिक, विभिन्न राज्यों में तूफानी हवाएं चलने और बारिश से गर्मी और लू पर पूरी तरह से ब्रेक लगा हुआ है। अगले 72 घंटे के दौरान असम, अरुणाचल, सिक्किम, नागालैंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, झारखंड और छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों पर 70 की स्पीड से हवाएं चलने और भारी बारिश की संभावना है। कई स्थानों पर वज्रपात और ओले भी गिर सकते हैं। फिलहाल, हीटवेव से राहत रहेगी।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News in Hindi) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमार author

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ... और देखें

End of Article