Kal Ka Mausamm (कल का मौसम कैसा रहेगा) : देशभर के कई हिस्सों में मौसम की मार है। प्री मानसून के एक्टिव होने से कई राज्यों में मौसमी गतिविधियां देखने को मिल रही हैं। मौसम विभाग ने उत्तर भारत में बारिश का दौर खत्म होने की बात कही है। हालांकि, राजस्थान, मध्य प्रदेश, हरियाणा-पंजाब, यूपी, बिहार और दिल्ली-एनसीआर में अभी बादलों की आवाजाही लगी रहेगी। आईएमडी के मुताबिक, एक नए पश्चिमी विक्षोभ की मौजूदगी से तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की जा सकती है। इस दौरान कहीं-कहीं ओलावृष्टि के साथ आकाशीय बिजली गिर सकती है। लिहाजा, लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है। हालांकि, हवाओं के साथ बौछारें गर्मी से राहत देती रहेंगी। स्काईमेट ने अगले 24 घंटे के लिए मौसम का पूर्वानुमान जारी करते हुए बताया कि पूर्वोत्तर के राज्यों सिक्किम, असम, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम और त्रिपुरा में बारिश दर्ज की जा सकती है। खासकर, असम में पिछले दिनों से जारी भारी बारिश से ब्रम्हापुत्र समेत करीब 7 नदियां उफान पर हैं। कई जगह लैंडस्लाइड होने से बड़ी जनहानि भी हुई है। इसके अलावा दक्षिण के राज्यों में मानसून की दस्तक से वर्षा हो रही है। कर्नाटक, केरल, लक्ष्यद्वीप, कोंकड़, तमिलनाडु, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, अंडमान निकोबार द्वीप समूह, झारखंड में गरज चमक के साथ भारी बारिश दर्ज की जा सकती है। कमोबेश यही हालात पश्चिमी राज्य गुजरात, महाराष्ट्र और गोवा में देखने को मिलेंगे। इधर, पहाड़ी राज्य उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में आंधी के साथ बारिश की संभावना व्यक्त की जा रही है। मौसम विभाग ने खराब मौसम के दौरान आसमानी बिजली और ओलावृष्टि से सचेत रहने की चेतावनी जारी कर रखी है। पहाड़ी इलाकों में लैंडस्लाइड का खतरा बना हुआ है।
कल का मौसम
| शहर का नाम | न्यूनतम तापमान | अधिकतम तापमान |
| दिल्ली | 26 °C | 34 °C |
| मुंबई | 27 °C | 31 °C |
| जयपुर | 27 °C | 34 °C |
| भोपाल | 24 °C | 35 °C |
| लखनऊ | 26 °C | 36 °C |
| पटना | 28 °C | 35 °C |
| चेन्नई | 29 °C | 36 °C |
| बेंदलुरु | 21 °C | 29 °C |
| देहरादून | 20 °C | 28 °C |
| शिमला | 12 °C | 22 °C |
| कश्मीर | 7 °C | 15 °C |
दिल्ली कल का मौसम
दिल्ली-एनसीआर में पिछले दिनों आंधी बारिश की दस्तक के मौसम के रुख नर्म हैं। लोगों को भीषण गर्मी से काफी हद तक राहत मिली है। दिल्ली की बात करें तो गुरुवार को न्यूनतम तापमान 24.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो मौसम के औसत से 2.2 डिग्री सेल्सियस कम है। आईएमडी के मुताबिक, दिन में आंधी और बारिश की संभावना है, जबकि अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है। पूरे जून महीने में दिल्ली समेत पूरे एनसीआर क्षेत्र में गरज चमक के साथ धूल भरी आंधी और छिटपुट बारिश की संभावना व्यक्त की गई है। इससे मौसम काफी खुशनुमा रहेगा। 6 जून से मानसूनी गतिविधियां धीमी पड़ेंगी और अगली बारिश की संभावना 12 जून के बाद ही बन रही है। लिहाजा, इस बीच में गर्मी बढ़ सकती है।
दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण
अगर, बात प्रदूषण की करें तो पिछले दिनों हुई बारिश के कारण के कारण हवा की गुणवत्ता में काफी सुधार हुआ है। सीपीसीबी) के अनुसार, दिल्ली का एक्यूआई सुबह नौ बजे 146 के साथ 'मध्यम' श्रेणी में दर्ज किया गया। अगर, बारिश होती रहेगी तो पॉल्यूशन काफी कंट्रोल में रहेगा। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के मुताबिक, एक्यूआई को शून्य से 50 के बीच अच्छा, 51 से 100 के बीच संतोषजनक, 101 से 200 के बीच मध्यम, 201 से 300 के बीच खराब, 301 से 400 के बीच बहुत खराब और 401 से 500 के बीच गंभीर श्रेणी में माना जाता है।
यूपी कल का मौसम कैसा रहेगा?
उत्तर प्रदेश में अभी हल्की मौसमी गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं। हालांकि, पिछले दिनों हुई तेज बारिश का दौर खत्म होने वाला है। मौसम विभाग के मुताबिक, तराई के इलाकों में गरज चमक के साथ तेज हवाएं यानी आंधी आ सकती है। इस दौरान कहीं हल्की तो कई सिर्फ बौछारें आकर निकल जाएंगी। खराब मौसम के दौरान आकाशीय बिजली और ओलावृष्टि की संभावना बनी रहेगी, लिहाजा लोगों को सतर्क रहने की जरूरत होगी। शुक्रवार से मौसम शुष्क रहने के संकेत हैं, जिससे एक बार फिर लू दस्तक देगी, जिससे गर्मी बढ़ेगी।
बिहार में कैसा रहेगा मौसम
बिहार में मौसम करवट लेने को तैयार है। अगले एक से दो दिन मौसम विभाग ने 7 जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान ठनका (आकाशीय बिजली) गिरने का येलो अलर्ट जारी किया गया है। आईएमडी ने सुपौल, अररिया, किशनगंज समेत आसपास के जिलों में लोगों को खराब मौसम के दौरान सावधान रहने के लिए कहा है। कई जिलों 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं बहेंगी, जिससे मौसम काफी खुशनुमा बना रहेगा और लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी। अब जल्द ही राज्य में मानसून एंट्री लेगा और भारी बारिश का दौर शुरू होगा।
राजस्थान में बारिश का अलर्ट
राजस्थान में नए पश्चिमी विक्षोभ के असर से बीते चौबीस घंटे में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश हुई। मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार गुरुवार सुबह तक के 24 घंटे के दौरान सर्वाधिक वर्षा पिलानी में दर्ज की गई जो 36.7 मिलीमीटर मापी गई। वहीं सर्वाधिक अधिकतम तापमान बाड़मेर में 40.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अनुसार पांच जून को भी बीकानेर, जयपुर, कोटा, भरतपुर संभाग में कहीं-कहीं आंधी-बारिश की संभावना है। वहीं छह जून से आंधी-बारिश की गतिविधियों में कमी आने तथा तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस बढ़ोतरी होने का अनुमान है। बीकानेर संभाग में 7-8 जून को अधिकतम तापमान 44-45 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
हरियाणा और पंजाब में कैसा रहेगा मौसम
हरियाणा और पंजाब में चक्रवाती परिसंचरण बना रहने से मौसमी गतिविधियां होने की संभावना है। हरियाणा के दक्षिणी हिस्सों में तेज हवाओं के साध बादलों की आवाजाही लगी रहेगी। मौसम विभाग ने राज्य के कई हिस्सों में गरज चमक के साथ बौछारें गिरने का अनुमान व्यक्त किया है।
असम में बाढ़ से हालात खराब
पूर्वोत्तर के राज्यों में मौसम का मिजाज बिगड़ा हुआ है। अरुणाचल प्रदेश में बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी हुई है और लगातार बारिश के कारण यहां 24 जिलों में 33 हजार लोग प्रभावित हुए हैं। राज्य आपातकालीन संचालन केंद्र (एसईओसी) की एक रिपोर्ट में कहा गया है कि इस साल मानसून की बारिश के कारण हुए भूस्खलन और बाढ़ के बीच कम से कम 12 लोगों की मौत हो गई है, जबकि दो लापता लोगों की तलाश के लिए अभियान जारी है। रिपोर्ट में कहा गया है कि विभिन्न जिलों के 214 गांवों की 33,200 की आबादी बाढ़ और भूस्खलन के कारण प्रभावित हुई है, जबकि अधिकतर प्रमुख नदियां और उनकी सहायक नदियां उफान पर हैं, हालांकि ये नदियां अपने सामान्य जलस्तर से नीचे बह रही हैं।
पूर्वोत्तर में नदियों का बढ़ा जलस्तर
दो दिनों से पूर्वोत्तर में भारी बारिश से हालात खराब हैं। ब्रम्हापुत्र समेत उसकी सहायक नदियां खतरें के निशान से ऊपर बह रही हैं। बाढ़ से तराई इलाकों के लिए बड़ी मुसीबत पैदा हो रही है। मौसम विभाग के मुताबिक, मानसून की बारिश का एक चक्र जल्द टूटेगा और दूसरा रिले जल्द ही दस्तक देगा, जिससे भारी से भारी बारिश का दौर देखा जाएगा।
