शहर

असम में बादल बरसा रहे तबाही, ब्रम्हापुत्र समेत उफान पर 7 नदियां, बाढ़ ने थामी ट्रेनों की रफ्तार; 7 लाख लोग प्रभावित

Flood in Assam: असम में पिछले कई दिनों से जारी भारी बारिश के कारण ब्रम्हापुत्र समेत 7 नदियां उफान पर हैं। अधिक वर्षा के कारण लैंडस्लाइड और बाढ़ से करीब 19 लोगों के मौत की पुष्टि हो चुकी है। खराब मौसम से करीब 7 लाख लोग प्रभावित हैं और कई ट्रेनें रद्द कर दी गई हैं।

Image

असम में बाढ़ (फाइल फोटो)

गुवाहाटी : असम में बाढ़ के कारण स्थिति गुरुवार को भी गंभीर बनी रही और 21 जिलों में करीब सात लाख लोग प्रभावित हुए हैं। अधिकारियों ने बताया कि राज्य में प्रमुख नदियों का जलस्तर बढ़ रहा है। बाढ़ व भूस्खलन से मरने वालों की संख्या बढ़कर 19 हो गई है और बुधवार को दो लोगों की मौत की खबर है तथा कछार जिले में एक व्यक्ति लापता है। राज्य भर में ब्रह्मपुत्र समेत नौ प्रमुख नदियां जबकि बराक नदी कछार जिले में खतरे के निशान से ऊपर बह रही है और इसकी सहायक नदियों का जलस्तर भी बढ़ रहा है। कुछ नदियां लाल निशान से ऊपर बह रही हैं। मौजूदा समय में बाढ़ से 1,494 गांव प्रभावित हैं, जिनमें सबसे अधिक श्रीभूमि में 339 गांव, नागांव में 189, कछार में 166 और हैलाकांडी जिलों में 156 गांव शामिल हैं।

बाढ़ से प्रभावित बड़ी आबादी

असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एएसडीएमए) के बुलेटिन के अनुसार, श्रीभूमि सबसे अधिक प्रभाव पड़ा है, क्योंकि यहां की 2,59,601 आबादी बाढ़ से प्रभावित हुई है जबकि हैलाकांडी में 1,72,439 और नागांव में 1,02,716 लोग पानी भर जाने की समस्या से जूझ रहे हैं। बुलेटिन में बताया गया कि अब तक कुल 14977.99 हेक्टेयर फसल क्षेत्र बाढ़ से जलमग्न हो गया है और करीब 5,15,737 मवेशी प्रभावित हुए हैं। जिला अधिकारियों ने 405 राहत शिविर स्थापित किये हैं, जहां 41,317 लोगों ने शरण ली है। उन्होंने 1,12,324 राहत वितरण केंद्र भी स्थापित किये हैं। राज्य के विभिन्न हिस्सों से सड़कों, पुलों, शैक्षणिक संस्थानों, आंगनवाड़ी केंद्रों, बिजली के खंभों और अन्य बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचने की खबरें आई हैं।

यात्री ट्रेनें रद्द

प्रभावित जिलों में हैलाकांडी, डिब्रूगढ़, मोरीगांव, होजई, कामरूप, नागांव, गोलाघाट, बिवनाथ, कछार, श्रीभूमि, सोनितपुर, लखीमपुर, दरांग, बारपेटा, गोलपाड़ा, दक्षिण सलमारा, कार्बी आंगलोंग पश्चिम, दीमा हसाओ, शिवसागर, कामरूप (मेट्रो) और धेमाजी शामिल हैं। पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (एनएफआर) के प्रवक्ता ने बताया कि रेलवे पटरियों पर जलभराव के कारण दक्षिणी असम के विभिन्न हिस्सों, खासकर सिलचर में ट्रेन सेवाएं प्रभावित हुई हैं। रेलवे कर्मी पटरियों को साफ करने के लिए चौबीसों घंटे काम कर रहे हैं। कुछ छोटी दूरी की यात्री ट्रेनें रद्द कर दी गई हैं लेकिन लंबी दूरी की ट्रेनें चल रही हैं।

मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने उत्तरी गुवाहाटी में बाढ़ प्रभावित शहरी क्षेत्रों का दौरा किया और बढ़ते जलस्तर के प्रभाव से जूझ रहे लोगों से बातचीत की। मुख्यमंत्री ने ‘एक्स’ पर पोस्ट में कहा, “मैंने उत्तरी गुवाहाटी में बाढ़ से प्रभावित लोगों से मुलाकात की। हमने उन्हें आश्रय गृहों में रखा है और सुनिश्चित किया है कि उन्हें सभी सुविधाएं उपलब्ध हों। आने वाले दिनों में हम प्रभावित क्षेत्र में बाढ़ से जमा होने वाले पानी को कम करने के लिए जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए काम करेंगे।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article