JK Cement Plant Accident: मध्य प्रदेश के पन्ना जिले में स्थित जेके सीमेंट फैक्ट्री में गुरुवार को एक निर्माणाधीन इकाई की छत ढह जाने से 4 मजदूरों की मौत हो गई, जबकि 15 से अधिक घायल हो गए। हादसे की वजह से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। निर्माणाधीन इकाई की छत के काम में करीब 100 से अधिक मजदूर लगे हुए थे।
पन्ना स्थित सीमेंट फैक्ट्री में हादसा
राहत एवं बचाव कार्य
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय प्रशासन और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, फैक्ट्री के अंदर कई मजदूर काम कर रहे थे और दबने की वजह से कई मजदूर घायल हो गए। कमिश्नर वीरेंद्र कुमार रावत सागर ने कहा कि रेस्क्यू कार्य पूरा हो चुका है और चार लोगों की मौत हुई है। 15 से अधिक लोग घायल हैं जिनका कटनी में उपचार चल रहा है।
यह भी पढ़ें: कांग्रेस सांसद राकेश राठौर गिरफ्तार; हाई कोर्ट से लगा था झटका, प्रेस कॉन्फ्रेंस के बीच पुलिस ने उठाया
मुआवजे का ऐलान
बता दें कि फैक्ट्री अमानगंज नगर के पास स्थित है, जो खजुराहो लोकसभा क्षेत्र का हिस्सा है। छतरपुर डीआईजी ललित शाक्यवार ने बताया कि कंपनी ने मृतकों के परिजनों को 18 लाख रुपये मुआवजा देने की घोषणा की है। इसके अलावा घायलों के इलाज की पूरी जिम्मेदारी भी कंपनी ने ली है।
जिला पुलिस अधीक्षक साईं कृष्णा एस थोटा ने बताया कि यह घटना करीब 12 बजे दोपहर हुई। उन्होंने बताया कि कई मजदूरों के मलबे के नीचे दबे होने की आशंका थी, जिसके बाद राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल की टीम ने बचाव अभियान शुरू किया।
