Ranchi News: झारखंड की राजधानी रांची में छात्रों पर हुए पुलिस लाठीचार्ज की तपिश दूसरे दिन भी सड़कों पर महसूस की गई। सोमवार को छात्रों और पुलिस के बीच हुए टकराव के बाद, मंगलवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने मोर्चा संभालते हुए राज्य विधानसभा के घेराव का व्यापक ऐलान किया। मार्च के दौरान पुराना विधानसभा के पास पुलिस और प्रदर्शनकारी छात्रों के बीच जबर्दस्त धक्का-मुक्की और झड़प देखने को मिली, जिससे काफी देर तक इलाके में अफरातफरी और तनाव का माहौल बना रहा।
पुलिस और ABVP कार्यकर्ताओं में झड़प
पुराने विधानसभा के पास रोका गया मार्च
ABVP कार्यकर्ताओं की योजना पुराने विधानसभा परिसर से एकजुट होकर नए विधानसभा भवन की ओर कूच करने की थी। हालांकि, पुलिस प्रशासन ने किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पहले से ही पुख्ता इंतजाम कर रखे थे। हाथों में लाठियां और सुरक्षा उपकरण थामे भारी संख्या में पुलिस बल मुस्तैद रहा। कार्यकर्ताओं के इकट्ठा होते ही पुलिस ने बैरिकेडिंग कर उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया और बसों में बैठाकर मौके से हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी।
बस में बैठाने को लेकर बढ़ा तनाव, सड़क पर लेटे कार्यकर्ता
पुलिस की कार्रवाई के बाद स्थिति अचानक बिगड़ गई। विधानसभा जाने की जिद पर अड़े कार्यकर्ताओं ने पुलिसिया कार्रवाई का कड़ा विरोध किया, जिसके बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। पुलिस द्वारा कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर बसों में बैठाए जाने के दौरान दोनों ओर से धक्का-मुक्की हुई। विरोध जताते हुए कई ABVP कार्यकर्ता पुलिस बस के ठीक आगे सड़क पर लेट गए, जिसके कारण वाहनों के पहिए थम गए और पुलिस को मजबूरन कार्रवाई रोकनी पड़ी।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें- छात्रों के विधानसभा मार्च के दौरान हंगामा, 14 पुलिसकर्मी घायल; CCTV फुटेज से होगी उपद्रवियों की पहचान
लगातार दूसरे दिन आमने-सामने पुलिस और छात्र
बता दें कि सोमवार को भी अपनी मांगों को लेकर विधानसभा घेराव करने निकले छात्रों पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया था। उसी घटना के विरोध में अगले दिन ABVP ने विरोध प्रदर्शन का आयोजन किया था। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने और प्रतिबंधित क्षेत्र में भीड़ को रोकने के लिए एहतियातन कदम उठाए गए, जबकि संगठन के प्रतिनिधियों ने पुलिस पर बर्बरता और लोकतांत्रिक अधिकारों के दमन का आरोप लगाया है।
