झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार रविवार 22 मार्च को चैत्र नवरात्रि के अवसर पर दर्शन और पूजा-अर्चना करने के लिए उत्तर प्रदेश के इटावा में लखना नगर के ऐतिहासिक कालिका मंदिर पहुंचे। हालांकि, वह यहां निर्धारित कार्यक्रम से तीन घंटे देरी से पहुंचे। राज्यपाल संतोष गंगवार दोपहर करीब 3.30 बजे मंदिर परिसर में पहुंचे और मां कालिका की पूजा अर्चना की। इस दौरान लखना राज के रिषभशंकर शुक्ला ने पुष्प गुच्छ देकर उनका स्वागत किया और उन्हें मंदिर के प्राचीन इतिहास और महत्व के बारे में बताया।
संतोष गंगवार ने इटावा के मां कालिका मंदिर में पूजा-अर्चना की
इस दौरान मंदिर परिसर में इटावा के डीएम शुभ्रांत शुक्ला और SSP बृजेश कुमार भी मौजूद रहे। मां कालिका मंदिर से बाहर आने के बाद राज्यपाल संतोष गंगवार छोटे हाता स्थित महालक्ष्मी महल पहुंचे। यहां वह हेरिटेज गार्डन में एक कार्यक्रम का हिस्सा बने। यहां पर उनकी मुलाकात भाजपा जिलाध्यक्ष, सदर विधायक, पूर्व सांसद, पूर्व विधायक और अन्य कार्यकर्ताओं से हुई। इसके बाद वह महालक्ष्मी महल पहुंचे और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधि-विधान से पूजा पाठ करके दीप प्रज्ज्वलित किया और हेरिटेज गार्डन का फीता काटकर इसका शुभारंभ किया।
इस अवसर पर सदर विधायक सरिता भदौरिया ने संबोधन दिया और इटावा जनपद के नगर लखना में मां कालिका दर्शन और हेरिटेज गार्डन के शुभारंभ करने पर धन्यवाद दिया। महामहिम संतोष गंगवार ने लखना राज रविशंकर शुक्ला और रिषभशंकर शुक्ला व उनके परिजनों से भोजन पर भेंट की। वह यहां करीब एक घंटा रुकने के बाद बरेली के लिए रवाना हुए।
महामहिम संतोष गंगवार के यहां पहुंचने से पहले पुलिस ने आनन-फानन में मंदिर परिसर को भक्तों से खाली कराया। इसके साथ ही लखना बाईपास तिराहे पर दर्शन करने आने वाले भक्तों को रोक दिया गया। जब महामहिम दर्शन करके महालक्ष्मी महल से शुभारंभ करके निकल गए, इसके बाद आम श्रद्धालुओं के लिए दर्शन फिर से शुरू किए गए।
