धनबाद में फायर सेफ्टी जांच, कई कोचिंग संस्थानों पर गिरी गाज; लखनऊ हादसे के बाद प्रशासन सख्त

झारखंड के धनबाद जिले में प्रशासन ने कोचिंग संस्थानों की फायर सेफ्टी जांच शुरू कर दी है। लखनऊ कोचिंग अग्निकांड के बाद हुए औचक निरीक्षण में कई संस्थानों में फायर सेफ्टी में गंभीर खामियां मिलीं। प्रशासन ने नियमों का पालन नहीं करने वाले कोचिंग सेंटरों की कक्षाएं तत्काल बंद करने के निर्देश दिए हैं।

लखनऊ कोचिंग अग्निकांड के बाद झारखंड प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया है। धनबाद में छात्र सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए जिला प्रशासन ने कोचिंग संस्थानों में अग्नि सुरक्षा मानकों (Fire safety standards) की जांच शुरू कर दी है। निरीक्षण के दौरान कई संस्थानों में गंभीर खामियां मिलने पर प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाते हुए निर्देश दिया है कि फायर एनओसी और जरूरी सुरक्षा व्यवस्था पूरी होने तक नियमों का उल्लंघन करने वाले कोचिंग सेंटरों की कक्षाएं संचालित नहीं की जाएंगी।

Coaching Classes

सांकेतिक फोटो

फायर एनओसी के बिना नहीं चलेंगी कोचिंग संस्थाएं

अधिकारियों के अनुसार, लखनऊ के एक कोचिंग संस्थान में हाल में लगी आग की घटना के बाद शहर के सिटी सेंटर और सरायढेला क्षेत्रों में कोचिंग संस्थानों का बुधवार को औचक निरीक्षण किया गया। लखनऊ के हादसे में 16 से 25 वर्ष आयु वर्ग के छात्रों सहित 15 लोगों की मौत हो गई थी। उपायुक्त आदित्य रंजन ने कहा कि छात्र सुरक्षा से समझौता करने और अग्नि सुरक्षा नियमों की अनदेखी करने वाले कोचिंग संस्थानों के प्रति प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने कहा कि शहर के विभिन्न हिस्सों में औचक निरीक्षण आगे भी जारी रहेगा। निरीक्षण के दौरान कई बड़े और छोटे कोचिंग संस्थानों में गंभीर सुरक्षा खामियां पाई गईं। इनमें अग्निशमन उपकरणों की अपर्याप्त व्यवस्था, आपातकालीन निकास मार्गों का अभाव, खराब वेंटिलेशन और क्षमता से अधिक छात्रों को बैठाने जैसी कमियां शामिल हैं।

End of Feed