Jaipur Demolation Drive: जयपुर की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने और जाम से मुक्ति दिलाने के लिए जयपुर विकास प्राधिकरण (JDA) ने एक बड़ा कदम उठाया है। न्यू सांगानेर रोड को 100 फीट चौड़ा करने की महत्वाकांक्षी योजना के तहत जेडीए के प्रवर्तन दस्ते ने मौके पर पहुंचकर अवैध निर्माणों और अतिक्रमणों को ध्वस्त करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
न्यू सांगानेर रोड पर अतिक्रमण हटाने पहुंची JDA की टीम
भारी पुलिस जाप्ते की मौजूदगी में शुरू हुई कार्रवाई
जेडीए की टीमें बुलडोजर, डंपर, ट्रैक्टर और पोकलेन जैसी भारी-भरकम मशीनों के साथ तय समय पर मौके पर पहुंची। कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी विरोध से निपटने के लिए भारी पुलिस जाप्ता भी मौके पर तैनात किया गया है। अधिकारियों की देखरेख में होटल लजीज से लेकर गुर्जर की थड़ी तक करीब एक किलोमीटर के हिस्से में सड़क सीमा के दायरे में आ रहे लगभग 20 अवैध निर्माणों पर बुलडोजर चलाने की कार्रवाई शुरू हो गई है।
यातायात रहेगा प्रभावित
सड़क चौड़ीकरण की इस बड़ी कार्रवाई के चलते गुर्जर की थड़ी से सोडाला की ओर जाने वाले रास्ते पर यातायात बाधित रहेगा। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे असुविधा से बचने के लिए वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें।
हाईकोर्ट के निर्देश पर हो रही कार्रवाई
यह पूरी कार्रवाई हाईकोर्ट के सख्त निर्देशों के तहत की जा रही है, जिसके तहत जेडीए को यह अभियान दो सप्ताह के भीतर पूरा करना है। इस योजना के जमीन पर उतरने से न्यू सांगानेर रोड पर आने वाले दिनों में ट्रैफिक का दबाव कम होने और आवागमन सुगम होने की पूरी उम्मीद है।
