Jalandhar News: जालंधर से दिनदहाड़े लूट की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। जहां बेखौफ बदमाशों ने एक महिला से हथियार के बल पर पर्स लूट लिया और मौके से फरार हो गए। हैरानी की बात ये है कि घटना के दौरान मौके पर मौजूद लोगों में से किसी ने भी महिला की मदद नहीं की। पीड़ित महिला घायल होने के बावजदू दो लुटेरों से अकेले भिड़ी। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
जालंधर में दिनदहाड़े लूट
आरोपियों के बाइक से किया महिला का पीछा
यह वारदात जालंधर देहात के किशनगढ़-करतारपुर रोड पर गांव फरीदपुर स्टॉप के पास हुई। कपूरथला निवासी ज्योति रानी एक्टिवा पर सवार होकर अपने रिश्तेदारों से मिलने के लिए दुगरी गांव जा रही थी। रास्ते में बाइक सवार दो युवक उसका पीछा करने लगे। जब महिला ने देखा की युवक काफी देर से उनका पीछा कर रहे हैं, तो उसे किसी अनहोनी की आशंका हुई। खुद को सुरक्षित रखने के लिए महिला ने फरीदपुर स्टॉप पर एक्टिवा रोक दी और पास की दुकानों के अंदर जाने लगी।
लुटेरे ने महिला पर किया हथियार से हमला
महिला को लोगों के बीच देखकर भी लुटेरों ने बेखौफ होकर वारदात को अंजाम दिया। एक लुटेरा दुकान के अंदर घुस आया और महिला का पर्स छीनने की कोशिश करने लगा। महिला ने साहस दिखाते हुए उसका विरोध किया। लेकिन दूसरे बदमाश ने तेजधार हथियार से उसपर हमला कर दिया। महिला ने घायल होने के बावजूद हार नहीं मानी और बदमाशों की बाइक पकड़ने की कोशिश करने लगी। लेकिन लुटेरे हथियारों के बल पर उसका पर्स छीनकर मौके से फरार हो गए।
तमाशबीन बनकर वारदात को देखते रहे लोग
महिला के पर्स में करीब 20 हजार रुपये की विदेशी मुद्रा, पासपोर्ट और अन्य जरूरी डॉक्यूमेंट मौजूद थे। इस घटना के कारण उसे भारी आर्थिक और कानूनी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस दौरान सबसे हैरानी की बात यह थी कि घटनास्थल पर कई लोग मौजूद थे, लेकिन महिला की मदद के लिए कोई भी आगे नहीं आया। लोग तमाशबीन बनकर वारदात को देखते रहे। पुलिस चौकी किशनगढ़ के प्रभारी एएसआई राजेंद्र शर्मा ने बताया कि आरोपियों की पहचान के लिए घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास तेज कर दिए गए हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपियों को जल्द ही पकड़ लिया जाएगा।
