Hardoi News: उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में एक सिरफिरे आशिक के एकतरफा प्रेम की सनक देखने को मिली। जहां शादी से इनकार करने पर बौखलाए एक युवक ने इंटरमीडिएट की छात्रा पर जानलेवा हमला कर दिया। आरोपी ने बांके से छात्रा के सिर पर वार किया। जिससे वह गंभीर रूप से हो गई। अब वह मेडिकल कॉलेज में जिंदगी और मौत की लड़ाई लड़ रही है। पुलिस ने आरोपी को महज 9 घंटे के भीतर कार्रवाई करते हुए पकड़ लिया। इस दौरान आरोपी की पुलिस के साथ मुठभेड़ हुई। जिसमें वह दाहिने घुटने में गोली लगने से घायल हो गया।
बोर्ड इग्जाम से लौटते वक्त युवक ने किया हमला
जानकारी के अनुसार, यह घटना थाना कोतवाली लोनार क्षेत्र के एक गांव की है। बुधवार को 18 वर्षीय छात्रा इंटरमीडिएट की परीक्षा देने गई थी। परीक्षा के बाद वह अपनी सहेली के साथ बाइक से घर लौट रही थी। तभी असलापुर निवासी पंकज ने जगदीशपुर गांव के बाहर उनकी बाइक रुकवा ली। आरोपी ने अचानक बांके से छात्रा के सिर पर हमला कर दिया। छात्रा खून से लथपथ होकर सड़क पर गिर पड़ी। हमले के बाद आरोपी हथियार को लहराते हुए मौके से फरार हो गया।
दरोगा और हेड कांस्टेबल पर गिरी गाज
परिजनों का आरोप है कि आरोपी पंकज लंबे समय से छात्रा पर शादी का दबाव बना रहा था। उसके इनकार करने के बावजूद वह लगातार छात्रा को परेशान कर रहा था। इस संबंध में पहले ही कोतवाली लोनार में लिखित शिकायत दी जा चुकी है, लेकिन समय रहते कोई कार्रवाई नहीं की गई। जिससे आरोपी के हौसले बढ़ गए और उसने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दे डाला। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। लापरवाही के आरोप में दरोगा रामबली और हेड कांस्टेबल अजीत कुमार को तत्काल निलंबित कर दिया गया।
पुलिस ने बांका भी बरामद किया
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया। उसकी निशानदेही पर बांका बरामद करने के लिए पुलिस उसे जगदीशपुर रोड पर ले गई। इसी दौरान आरोपी ने एक पुलिसकर्मी की सरकारी इंसास राइफल छीन ली और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी गोली लगने से घायल हो गया और उसे मौके से दबोच लिया गया। पुलिस ने बांका बरामद कर आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। जहां वह पुलिस की कड़ी निगरानी में है।
