कुत्ते को वफादार जानवर माना जाता है। कहते हैं कुत्ता अपने मालिक के लिए कुछ भी कर गुजरने को तैयार होता है। लेकिन एक ऐसा मामला सामने आया है, जहां पालतू कुत्तों ने मालिक को धोखा देकर शातिर बदमाश का साथ दिया। जिस बदमाश की बात हम कर रहे हैं वह बहुत ही शातिर है। मामला भोपाल का है और यहां शातिर बदमाश ने पालतू कुत्तों को मांस खिलाकर करोड़ों रुपये की डकैती को अंजाम दिया।
जयपुर में गिरफ्तार हुआ अनोखा डकैत (प्रतीकात्मक तस्वीर)
राजस्थान की राजधानी जयपुर में झोटवाड़ा थाना पुलिस ने करोडों की डकैती के मामले में वांछित बदमाश को गिरफ्तार किया है। आरोपी शाहरुख को पुलिस ने अवैध देसी कट्टे के साथ पकड़ा है। जिस समय शाहरुख पुलिस के हत्थे चढ़ा, उस समय वह अपने साथियों के साथ नई वारदात की योजना बना रहा था। पुलिस ने आरोपी शाहरुख के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। उससे भोपाल में की गई डकैती सहित अन्य मामलों में भी पूछताछ हो रही है।
डकैती का अनोखा तरीका चर्चा का विषय
पुलिस के मुताबिक आरोपी शाहरुख कुरैशी ने अपने साथियों के साथ मिलकर हथियारों के दम पर रिहायशी इलाके में 26 दिसंबर 2025 को करोड़ों रुपये की डकैती को अंजाम दिया था। डकैती का उनका तरीका भी अनोखा था। इस दौरान उन्होंने घर की सुरक्षा में तैनात पालतू कुत्तों को मांस खिलाकर शांत किया, ताकि उनके फौंकने से लोग शतर्क न हो जाएं। इसके बाद यह हथियारबंद बदमाश घरों में घुसे और वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। इस मामले में आरोपी शाहरुख कुरैशी की मध्य प्रदेश पुलिस को तलाश थी।
जयपुर में बड़ी वारदात की फिराक में था
भोपाल में घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी जयपुर के झोटवाड़ा इलाके में किराये का कमरा लेकर रह रहा था। डीसीपी वेस्ट प्रशांत किरण ने इस संबंध में जानकारी दी। इस बीच पुलिस को जानकारी मिली की वह अपने अन्य साथियों के साथ जयपुर में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी कर रहा है।
मुखबिर की सूचना पर धरा गया बदमाश
मंगलवार 21 जुलाई को मुखबिर की सूचना पर झोटवाड़ा थाना पुलिस ने घेरेबंदी करके उसे गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से एक अवैध देसी कट्टा जब्त किया गया। इस संबंध में आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 में मामला दर्ज किया गया है। बता दें कि आरोपी शाहरुख कुरैशी के खिलाफ चोरी, डकैती सहित कई मामले दर्ज हैं और आदतन अपराधी शाहरुख कई बार जेल भी जा चुका है।
पुलिस कर रही पूछताछ
30 साल का आरोपी शाहरुख कुरैशी पुत्र इदरीश कुरैशी, मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के निशातपुरा में फिजा कॉलोनी का निवासी है। अभी वह जयपुर के झोटवाड़ा इलाके में नागल पुलिया के पास किराये के मकान में रह रहा था। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर उसके अन्य फरार साथियों के बारे में जानकारी जुटा रही है।
