Jaipur News: राजस्थान के जयपुर में झोंटवाड़ा स्थित एक निजी कंपनी के अकाउंटेंट से 27 लाख रुपए की साइबर ठगी का मामला सामने आया है। इस मामले में कंपनी के मालिक देवेंद्र सिंह ने जयपुर पुलिस कमीश्नरेट के साइबर थाना में शिकायत दर्ज करवाई है। रिपोर्ट के मुताबिक, 17 जून को कंपनी के अकाउंटेंट कमलेश को एक साइबर ठग ने कंपनी के मालिक की वॉट्सएप प्रोफाइल फोटो लगाकर मैसेज भेजा।
कंपनी के एकाउंटेंट से 27 लाख की ठगी
साइबर ठग ने वॉट्सएप मैसेज के जरिए खुद को कंपनी के मालिक का नया नंबर बताकर अपनी पहचान छिपा ली। उसने दावा किया कि वह एक प्रॉपर्टी डीलिंग कंपनी का मालिक है और देवेंद्र सिंह इस समय एक मीटिंग में व्यस्त हैं। इसी बहाने उसने जमीन के सौदे के लिए टोकन मनी ट्रांसफर करवाने की बात कही। इस धोखे में आकर अकाउंटेंट ने निजी बैंक खाते से बैंक ऑफ बड़ौदा के एक खाते में RTGS के जरिए 27 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए।
यह धोखाधड़ी तब उजागर हुई जब कंपनी के मालिक, देवेंद्र सिंह, को बैंक से ई-मेल प्राप्त हुआ। उन्होंने तुरंत साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है और इंस्पेक्टर श्रवण कुमार को मामले की जांच सौंपी गई है।
साइबर अपराधियों ने वॉट्सएप प्रोफाइल तस्वीरों का दुरुपयोग कर नए ठगी के तरीके अपनाए हैं। वे किसी कंपनी के वरिष्ठ अधिकारी की तस्वीर लगाकर फर्जी नंबर से संपर्क करते हैं और खुद को उस अधिकारी के रूप में प्रस्तुत करते हैं। साइबर पुलिस ने चेतावनी दी है कि किसी भी वॉट्सएप संदेश या कॉल को बिना पुष्टि के न मानें और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत दें।
