अगर आप राजस्थान के बीकानेर और जोधपुर में रहते हैं या वहां आना-जाना लगा रहा है तो आपके लिए खुशखबरी है। क्योंकि उत्तर पश्चिम रेलवे (NWR) ने खास आप जैसे यात्रियों के लिए बीकानेर और जोधपुर से दिल्ली के लिए वंदे भारत ट्रेन की सेवाएं शुरू करने का ऐलान किया है। जी हां NWR ने अपने यात्रियों के लिए इस बड़ी सौगात का ऐलान किया है।
वंदे भारत ट्रेन की फाइल फोटो (PTI)
इन दोनों शहरों से वंदे भारत की सेवाएं शुरू होने के बाद बीकानेर और जोधपुर के लोगों का राजधानी दिल्ली तक एक ही दिन में आना-जाना आसान होगा। बीकानेर-दिल्ली और जोधपुर-दिल्ली के बीच वंदे भारत ट्रेन सेवाएं सितंबर के मध्य से शुरू होने की संभावना है।
बीकानेर-दिल्ली वंदे भारत की टाइमिंग
बीकानेर से दिल्ली के चलिए चलने वाली वंदे भारत सुबह 5:45 बजे बीकानेर से रवाना होगी। रास्ते में यह ट्रेन रतनगढ़, चुरू और रेवाड़ी स्टेशन पर रुकेगी। बताया जा रहा है कि ट्रेन सुबह 11:50 बजे दिल्ली कैंट पहुंचेगी। ट्रेन की वापसी भी उसी दिन होगी। वापसी में यह ट्रेन दिल्ली कैंट से शाम 4:45 बजे चलकर रात 11 बजे तक बीकानेर पहुंचेगी।
इस ट्रेन का खासतौर पर लाभ बीकानेर, चुरू और सुजानगढ़ के लोगों को होगा। यहां के लोगों को दिल्ली जाने और उसी दिन लौटने की सुविधा मिलेगी। एक ही दिन में वापसी होने से लोगों का समय और धन दोनों बचेंगे।
जोधपुर-दिल्ली वंदे भारत कब चलेगी
हालांकि, जोधपुर-दिल्ली वंदे भारत कब चलेगी और इसकी सेवाएं कब से शुरू होंगी यह अभी तय नहीं हुआ है। प्रस्तावित टाइमटेबल के अनुसार जोधपुर से सुबह 5.30 बजे वंदे भारत दिल्ली के लिए रवाना होगी। रास्ते में यह डिगाना, मकराना, जयपुर और अलवर स्टेशनों पर रुकेगी और दोपहर 1.30 बजे दिल्ली कैंट पहुंचेगी। ट्रेन उसी दिन दोपहर 3.10 बजे दिल्ली से जोधपुर के लिए रवाना होगी और रात 11.15 बजे जोधपुर पहुंचेगी।
राजस्थान में कितनी वंदे भारत ट्रेनें
फिलहाल राजस्थान में NWR चार जोड़ी यानी 8 वंदे भारत ट्रेनें चला रहा है। जिनमें अजमेर से चंडीगढ़ और चंडीगढ़ से अजमेर (जयपुर व दिल्ली होकर), जयपुर से उदयपुर और उदयपुर से जयपुर, जोधपुर से साबरमती और साबरमती से जोधपुर के साथ ही उदयपुर से आगरा और आगरा से उदयपुर तक वंदे भारत ट्रेनें चल रही हैं।
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार NWR के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी कैप्टन शशि किरण ने इस संबंध में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इन नई ट्रेनों का उद्देश्य बीकानेर और जोधपुर को दिल्ली से इस तरह जोड़ना है कि यात्री एक ही दिन में दिल्ली जाकर अपने काम निपटाकर शाम तक घर लौट सकें। यह कदम यात्रियों की सुविधा और क्षेत्रीय विकास की दिशा में बेहद महत्वपूर्ण साबित होगा।
