Bharatpur Road Accident: राजस्थान के भरतपुर जिले में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ जिसमें मोटरसाइकिल सवार दंपति की मौत हो गई। यह घटना सारस चौक के पास उस वक्त हुई जब एक तेज रफ्तार गैस टैंकर ने बाइक को टक्कर मार दी। सारस चौकी प्रभारी सहायक उपनिरीक्षक (एएसआई) राधा किशन के अनुसार, मृतक दंपति की पहचान हेलक गांव निवासी नेत्रपाल गुर्जर (36) और उनकी पत्नी कृपा (32) के रूप में हुई है।
भरतपुर में सड़क हादसा
जानकारी के मुताबिक दंपति किसी कार्य से बाइक से जा रहे थे कि तभी जयपुर से आगरा की ओर जा रहे गैस टैंकर ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसा इतना गंभीर था कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, टैंकर चालक घटना के बाद वाहन छोड़कर फरार हो गया। नेत्रपाल किसान थे और अपनी बेटी निधि (19), नेहा (18) और बेटे दुर्गेश (15) से मिलने भरतपुर आए थे, जो पढ़ाई के लिए पुलिस लाइन क्षेत्र में अपने मामा के घर रह रहे हैं।
ड्राइवर की तलाश जारी
हादसे के तुरंत बाद गैस टैंकर का ड्राइवर मौके से फरार हो गए। बताया जा रहा है कि टक्कर मारने के बाद वह टैंकर को करीब 500 मीटर तक ले जाकर सड़क किनारे छोड़कर भाग निकला। पुलिस ने मृतकों की मोटरसाइकिल और टैंकर को जब्त कर सारस चौराहा पुलिस चौकी में खड़ा कर दिया है। अब फरार चालक की तलाश के लिए घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है।(इनपुट - भाषा)
