Rajasthan Ka Mausam (राजस्थान में आज का मौसम कैसा रहेगा) 4-July-2025: राजस्थान में मानसून ने एक बार फिर अपना रंग दिखाना शुरू कर दिया है। मौसम विभाग के अनुसार, 4 जुलाई, शुक्रवार को पश्चिमी राजस्थान के ऊपर बने साइक्लोनिक सर्कुलेशन और बीकानेर से गुजर रही ट्रफ लाइन के कारण पूरे राज्य में बारिश की गतिविधियों में तेजी आई है। इसकी वजह से कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
राजस्थान में मानसून तेज
कैसा रहेगा आज का मौसम
राज्य के मौसम विभाग (IMD) ने बताया कि आज कोटा, उदयपुर, अजमेर और जोधपुर संभाग के कई क्षेत्रों में तेज बारिश हो सकती है। इसके अलावा जयपुर और बीकानेर संभाग के कुछ इलाको में भी बारिश होने की संभावना है।
आने वाले दिनों में बढ़ेगी बारिश
पूर्वी राजस्थान के इलाके, जिसमें कोटा, अजमेर, जयपुर, भरतपुर और उदयपुर जैसे क्षेत्र शामिल हैं, इनमें आगामी चार से पांच दिनों तक बारिश का दौर जारी रह सकता है। कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति बन सकती है, खासकर निचले इलाकों में।
पश्चिमी राजस्थान में भी मौसम सक्रिय बना हुआ है। जोधपुर और बीकानेर संभाग में अगले तीन से चार दिनों तक गरज-चमक के साथ मध्यम से तेज बारिश होने की संभावना है। इससे किसानों को राहत मिल सकती है, लेकिन शहरी क्षेत्रों में यातायात और जल निकासी की व्यवस्था को लेकर सतर्कता बरतनी होगी।
कैसा रहा राज्य का मौसम
पिछले 24 घंटों में पूर्वी राजस्थान के अधिकांश क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। चित्तौड़गढ़, पाली, भीलवाड़ा, अजमेर और प्रतापगढ़ में कहीं-कहीं अत्यधिक भारी वर्षा हुई। चित्तौड़गढ़ जिले के बस्सी इलाके में सबसे अधिक 320 मिमी बारिश दर्ज की गई, जिससे कई इलाकों में जलभराव की स्थिति पैदा हो गई। ऐसे में जनता से सावधानी बरतने की बात कही गई है।
