वहीं सबसे न्यूनतम तापमान सिरोही में 18.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।Rajasthan Ka Mausam (राजस्थान में आज का मौसम कैसा रहेगा) 22-September-2025: राजस्थान में इन दिनों मौसम का मिलाजुला रूप देखने को मिल रहा है। इस दौरान कहीं बारिश हो रही है, तो कहीं तेज धूप निकल रही है। साथ ही तापमान में भी बढ़ोत्तरी दर्ज की जा रही है। राजस्थान में अधिकतर हिस्सों से मानसून विदाई ले चुका है। प्रदेश के पश्चिमी हिस्से में फिलहाल मौसम शुष्क देखने को मिल रहा है। हालांकि पूर्वी हिस्से में बारिश का दौर जारी है। मानसून धीरे-धीरे पीछे हट रहा है और बारिश भी बस कुछ दिनों की मेहमान है, जिसके बाद सूरज अपने तेवर दिखाएगा। हालांकि कुछ जिलों में रात के तापमान में गिरावट देखने को मिल रही है। जिसके कारण मौसम में ठंडक का एहसास हो रहा है। राजस्थान में आज कैसा मौसम रहने वाला है, आइए जानते हैं:
राजस्थान का मौसम
राजस्थान के इन जिलों में आज बारिश के आसार
आईएमडी के अनुसार, राजस्थान में आज बांसवाड़ा, भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ़, डूंगरपुर, झालावाड़, प्रतापगढ़, राजसमंद, सलूंबर, सिरोही और उदयपुर में येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। मंगलवार को भी प्रदेश के 9 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में चित्तौड़गढ़, डूंगरपुर, प्रतापगढ़, बांसवाड़ा, भीलवाड़ा, राजसमंद, उदयपुर, सलूंबर और सिरोही शामिल हैं। 27 सितंबर तक पूर्वी राजस्थान में कहीं-कहीं बारिश का मौसम बरकरार रह सकता है। हालांकि इस दौरान पश्चिमी हिस्से में तेज धूप और गर्मी का सामना करना पड़ सकता है। यहां बारिश का कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है।
पूर्वी राजस्थान में जारी रहेगा बारिश का सिलसिला
जयपुर मौसम विज्ञान केंद्र द्वारा रविवार रात साढ़े 8 बजे जारी रिपोर्ट के अनुसार राजस्थान के पूर्वी हिस्से में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। इस दौरान प्रदेश में सबसे अधिक तापमान श्रीगंगानगर में रिकॉर्ड हुआ, यहां का अधिकतम पारा 39.4 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं सबसे न्यूनतम तापमान सिरोही में 18.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पूर्वी राजस्थान में अगले 3 से 4 दिनों तक कोटा, उदयपुर संभाग और आसपास के जिलों में बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। वहीं पश्चिमी राजस्थान में अगले 5 से 6 दिन मौसम शुष्क रहने के आसार हैं।
