MiG-21 crash in Hanumangarh: राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले के पीलीबंगा के पास सोमवार (आठ मई, 2023) को दर्दनाक हादसा हो गया। भारतीय वायु सेना (आईएएफ) का मिग-21 फाइटर विमान गांव बहलोल नगर के बाहरी इलाके में एक मकान के ऊपर क्रैश हो गया। अधिकारियों के अनुसार, हादसे में तीन ग्रामीणों की मौत हो गई, जबकि विमान के पायलट सुरक्षित हैं।
इस बीच, सूत्रों के हवाले से कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में बताया गया कि घटना के वक्त महिलाएं मकान की छत पर थीं। लड़ाकू मिग 21 विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद दो औरतें उसकी चपेट में आ गईं और उनकी जान चली गई।
सूरतगढ़ से उड़ान भरने वाले इस प्लेन के चलते हुए हादसे पर हनुमानगढ़ की जिला कलेक्टर रुक्मणि रियार ने समाचार एजेंसी पीटीआई को बताया कि मिग 21 विमान डबली इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हुआ। वहीं, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जस्साराम बोस ने कहा कि हताहतों की संख्या बढ़ सकती है।
बीकानेर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक ओम प्रकाश के मुताबिक, दुर्घटना के बाद काफी संख्या में लोग घटनास्थल पर जमा हो गए, जबकि पुलिस और प्रशासन कानून व्यवस्था बनाए रखने की कोशिश करने में लगे रहे। वायुसेना को सूचित कर दिया गया है और वे ही हादसे के कारणों की तकनीकी जानकारी दे सकेंगे।
अधिकारी ने आगे बताया कि पायलट ने विमान को गांव से दूर ले जाने की हरसंभव कोशिश की और विमान को गांव के एक सिरे की ओर ले गया। ऐसी घटनाओं में हताहत लोगों के लिए राहत और मुआवजे का प्रावधान होता है और उसके अनुसार सभी कदम उठाए जाएंगे।
उधर, आईएएफ की ओर से आधिकारिक बयान में बताया गया कि यह जेट प्लेन सूरतगढ़ के पास रूटीन ट्रेनिंग के दौरान सुबह क्रैश हुआ। पायलट को विमान से सुरक्षित निकाल लिया गया। हालांकि, उन्हें हल्की-फुल्की चोटें आई हैं। हादसा कैसे हुआ? यह पता लगाने के लिए जांच के निर्देश दिए गए हैं। (ANI और PTI इनपुट्स के साथ)
