Udaipur News: आए दिन लोगों को अचानक हार्ट अटैक आ जाने के वीडियो सोशल मीडिया पर तैरते रहते हैं। इस तरह की घटनाओं को लेकर पिछले कुछ सालों से कई तरह के सवाल और थ्योरीज भी एक साथ उठते रहे हैं। इसी तरह की एक घटना उदयपुर जिले के डबोक थाना क्षेत्र में स्थित मेवाड़ पॉलिटेक्स लिमिटेड फैक्ट्री हुई। यहां मंगलवार शाम एक कर्मचारी की अचानक दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई। मृतक की पहचान उदयलाल प्रजापत के रूप में हुई है, जो पिछले सात महीने से इस फैक्ट्री में काम कर रहे थे।
काम के दौरान आया दिल का दौरा (सांकेतिक तस्वीर | iStock)
मंगलवार की शाम करीब 4 बजे काम के दौरान उदयलाल अचानक सिर के बल गिर पड़े। उनके साथ काम कर रहे कर्मचारियों ने तुरंत उन्हें संभाला और नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना का वीडियो सामने आने के बाद ग्रामीणों और मृतक के परिजनों ने फैक्ट्री के बाहर पहुंचे और विरोध-प्रदर्शन शुरू कर दिया। परिजनों ने आरोप लगाया कि उदयलाल को समय पर उचित इलाज नहीं मिला, जिससे उनकी जान गई। प्रदर्शनकारियों ने मृतक के परिजनों को मुआवजा देने की मांग को लेकर फैक्ट्री प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी की।
स्थिति को देखते हुए डबोक और फतहनगर थानों से पुलिस बल मौके पर तैनात किया गया। देर शाम तक चली बातचीत में प्रशासन की मध्यस्थता से फैक्ट्री प्रबंधन और परिजनों के बीच 5 लाख रुपये के मुआवजे पर सहमति बनी।
थानाधिकारी हुकम सिंह ने बताया कि उदयलाल प्रजापत पिछले 7 महीने से ढावा रोड स्थित मेवाड़ पॉलिटेक्स लिमिटेड फैक्ट्री में काम कर रहे थे। मंगलवार की शाम फैक्ट्री में काम करते समय उनको हार्ट अटैक आया और मौत हो गई। थानाधिकारी ने यह भी बताया कि स्थिति को देखते हुए डबोक और फतहनगर थाने की पुलिस मौके पर तैनात की गई और शव को एमबी हॉस्पिटल की मोर्चरी में रखवाया गया है। पूरे मामले की जांच जारी है।
