Kota Drowning Cases: राजस्थान के हाड़ौती क्षेत्र में पार्वती नदी एक बार फिर बड़ा हादसे का कारण बनी। बारां जिले की दुर्घटना के ठीक एक दिन बाद, अब कोटा जिले के खतौली थाना क्षेत्र में सोमवार को चार किशोर नदी की तेज धारा में बह गए। घटना छुआरी धाम के पास की है, जहां पार्वती नदी का जलस्तर काफी बढ़ा हुआ है और बहाव बहुत तेज है। जानकारी के अनुसार, करीब सात किशोर नदी में नहाने उतरे थे, जिनमें से तीन किसी तरह तैरकर बाहर निकलने में सफल रहे, लेकिन सोनू सुमन, मोहित सुमन, अशफाक और आयुष गुर्जर पानी की तेज धारा में बह गए।
पार्वती नदी में नहाने गए चार किशोर नदी में बहे
राहत और बचाव कार्य जारी
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन में हड़कंप मच गया। एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमें मौके के लिए रवाना कर दी गई हैं। एसडीआरएफ की कंपनी कमांडर एकता ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि राहत और बचाव कार्य जारी है। इटावा डीएसपी शिवम जोशी मौके पर पहुंच गए हैं और कोटा जिला ग्रामीण के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राम कल्याण मीणा भी घटनास्थल की ओर रवाना हो चुके हैं।
रविवार को भी घटी इसी प्रकार की घटना
गौरतलब है कि रविवार को बारां जिले के अटरू थाना क्षेत्र में भी इसी तरह की घटना घटी थी, जिसमें नहाने गए पांच किशोरों में से दो की डूबने से मौत हो गई थी। उनके शव सोमवार सुबह बरामद किए गए। लगातार हो रही इन घटनाओं को देखते हुए प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि बरसात के मौसम में तेज बहाव वाली नदियों के पास जाने से बचें, विशेष रूप से बच्चों को अकेले न भेजें।
