Kirori Lal Meena : राजस्थान में प्रतियोगी परीक्षा में हुई धांधली के खिलाफ विधानसभा घेराव के लिए दौसा से जयपुर के लिए निकले भाजपा सांसद किरोड़ी लाल मीणा अपने हजारों समर्थकों के साथ मंगलवार को जयपुर तो पहुंच गए लेकिन जयपुर पुलिस ने उन्हें घाट की गुनी टनल से पहले ही रोक लिया। इसके बाद मीणा बड़ी संख्या में अपने समर्थकों के साथ जयपुर-आगरा हाईवे पर धरने पर बैठ गए। धरने को देखते हुए जयपुर-आगरा हाईवे को दोनों तरफ से डायवर्ट कर दिया गया।
विधानसभा का घेराव करने दौसा से निकले हैं भाजपा सांसद मीणा।
विधानसभा का घेराव करने पर अडिग हैं मीणा
पुलिस के अधिकारी मीणा को धरने समाप्त करने के लिए समझाते रहे लेकिन वह विधानसभा का घेराव करने के लिए अडिग हैं। मीणा के साथ बड़ी संख्या में उनके समर्थक मौजूद हैं। मीणा के धरने की वजह जयपुर-आगरा रोड पर जाम लग गया। दोनों तरफ ट्रैफिक में वाहन फंस गए। धरनास्थल पर उप नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ भी पहुंचे।
पेपर लीक मामले की सीबीआई जांच की मांग कर रहे
भाजपा के राज्यसभा सांसद शिक्षक भर्ती परीक्षा के पेपर लीक की सीबीआई से जांच कराने की मांग कर रहे हैं। मीणा का आरोप है कि इस पेपर लीक के तार मुख्यमंत्री कार्यालय से जुड़े हैं। इसलिए इस केस की जांच केंद्रीय जांच एजेंसी को करनी चाहिए। वहीं, सीएम अशोक गहलोत ने मीणा की इस मांग का विरोध किया है। गहलोत का कहना है कि सीबीआई जांच से भर्तियां अटक जाएंगी और युवाओं को नौकरी नहीं मिलेगी। भाजपा नेता का कहना है कि राज्य में बाहर से आए लोगों को नौकरियां दी जा रही हैं जबकि यहां के मूल निवासियों को नौकरियां नहीं मिल पा रही हैं। राजस्थान में यहां के युवाओं के लिए सरकारी नौकरी के अवसर कम हो रहे हैं। ऐसे में सरकार को ठोस कानून बनाते हुए। इसे पूरी तरह बंद करना चाहिए।
लीक मामले में सीएमओ के अधिकारी शामिल
मीडिया से बातचीत में मीणा ने कहा, ‘मैं मामले की सीबीआई जांच की मांग कर रहा हूं। सरकार क्यों डरी हुई है। इसमें कांग्रेस नेताओं और अधिकारियों की संलिप्तता है और सरकार उन्हें बचा रही है।’ उन्होंने आरोप लगाया कि पेपर लीक मामले में मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) के अधिकारी शामिल हैं। मुख्यमंत्री पहले ही आरोपों को खारिज कर चुके हैं कि पेपर लीक में कोई राजनेता या अधिकारी शामिल नहीं था। मीणा ने अपने समर्थकों के साथ दौसा से यह मार्च शुरू किया। पुलिस ने बताया कि दौसा-जयपुर सीमा पर सुरक्षा के व्यापक बंदोबस्त किये गये हैं।
