राजस्थान के छोटे रेलवे स्टेशनों को बड़ी राहत; एस्केलेटर, फ्रेट टर्मिनल और मल्टीलेवल पार्किंग से बढ़ेंगी सुविधाएं

भारतीय रेलवे अब छोटे स्टेशनों को भी आधुनिक सुविधाओं से लैस करने की दिशा में तेजी से काम कर रहा है। जयपुर मंडल के जगतपुरा और फुलेरा स्टेशनों पर एस्केलेटर लगाने की योजना बनाई गई है, जिससे हजारों यात्रियों को राहत मिलेगी। वहीं, माल ढुलाई को बढ़ावा देने के लिए नए फ्रेट टर्मिनल और गुड्स शेड भी प्रस्तावित हैं।

जयपुर जंक्शन और गांधी नगर स्टेशन के बाद अब रेलवे छोटे स्टेशनों पर भी सुविधाएं बेहतर करने की दिशा में कदम बढ़ा रहा है। इसी कड़ी में जगतपुरा और फुलेरा स्टेशनों पर यात्रियों की सुविधा के लिए कुल 13.63 करोड़ रुपये की लागत से एस्केलेटर लगाए जाएंगे। फुलेरा स्टेशन पर छह एस्केलेटर लगेंगे, जिन पर करीब 8.98 करोड़ रुपये खर्च होंगे और इससे प्रतिदिन लगभग 48,000 यात्रियों को फायदा मिलेगा।

Jaipur Railway Station (File Photo)

जयपुर रेलवे स्टेशन (फाइल फोटो)

फिलहाल, यात्रियों को प्लेटफार्म बदलने के लिए सीढ़ियों का सहारा लेना पड़ता है। मार्च में रेलवे जीएम अमिताभ ने एस्केलेटर लगाने की मंजूरी दी थी, लेकिन जयपुर मंडल द्वारा अब तक टेंडर जारी नहीं किए गए हैं। इसके अलावा, श्योसिंहपुरा और पड़ीसल में कुल 20 करोड़ रुपये की लागत से नए फ्रेट टर्मिनल बनाने की योजना है। वहीं, नींदड़ बैनाड़ स्टेशन के पास लगभग 20 करोड़ रुपये की लागत में नया गुड्स शेड तैयार किया जाएगा।

End of Feed