जयपुर

जयपुर में सनसनीखेज वारदात: पति ने गला घोंटकर पत्नी को मारा, फिर लगाई फांसी

जयपुर के जामडोली इलाके में एक घर में दंपति का शव मिला। प्रारंभिक साक्ष्यों और बेटे के बयान के आधार पर यह मामला वैवाहिक कलह के कारण पति ने पहले अपनी पत्नी का गला घोंटकर हत्या की और फिर पंखे से लटककर आत्महत्या कर ली। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।

Image

जयपुर में पति ने गला घोंटकर पत्नी को मारा, फिर लगाई फांसी (Photo- iStock)

Jaipur News: राजस्थान की राजधानी जयपुर के जामडोली इलाके में एक दंपति अपने घर में मृत अवस्था में पाए गए, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। जामडोली थाने के प्रभारी (SHO) प्रहलाद नारायण ने बताया कि मंगलवार रात को नियंत्रण कक्ष से सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने देखा कि महिला का शव फर्श पर पड़ा था, जबकि उसका पति पंखा से लटका हुआ था। दोनों शवों को जब्त कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि माता-पिता का शव देख बेटे ने पुलिस को इसकी सूचना दी थी।

वैवाहिक कलह का संदेह

न्यूज एजेंसी पीटीआई के अनुसार, मृतकों की पहचान दाऊदयाल (51 वर्ष) और उनकी पत्नी बबीता (46 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस को प्रारंभिक साक्ष्यों के आधार पर संदेह है कि यह मामला वैवाहिक कलह के चलते हुई हत्या और आत्महत्या का हो सकता है। SHO नारायण ने कहा, "प्रारंभिक साक्ष्यों के अनुसार, पता चलता है कि पति ने पहले अपनी पत्नी का गला घोंटकर हत्या की और फिर खुद फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।" पुलिस की पूछताछ में दंपति के बेटे ने बताया कि उसके माता-पिता अक्सर झगड़ते थे और एक-दूसरे के चरित्र पर संदेह करते थे। घटना के दौरान बेटा गोविंद देव मंदिर गया था। वहां से घर लौटने पर उसने माता-पिता का शव देखा और तुरंत पुलिस को मामले की सूचना दी।

शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा

घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस की टीम और फोरेंसिक विशेषज्ञों ने जांच शुरू की और घटनास्थल से नमूने एकत्र किए। पुलिस ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए जयपुर के SMS अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने मृतक के बेटे के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस इस मामले की गहराई से जांच कर रही है ताकि घटना के सही कारणों का पता लग सके।

(इनपुट - भाषा)

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article